दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी भी हिरासत में: सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी ने संभाली कमान, बोले-अगर पुलिस रोके तो जहां हैं वहीं बना लें जंतर-मंतर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए जा रहे पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अब तक पुलिस ने एक हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदर्शनकरियों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। पुलिस ने उन्हें दौड़ाया तो एक प्रदर्शनकारी का सिर फट गया। उधर, इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार कर पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
इससे पहले सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके को मुंबई से दिल्ली पहुंची फ्लाइट के अंदर से ही हिरासत में ले लिया गया। उनके साथ CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को भी पुलिस ले गई। इसके बाद दीपके ने एक प्री-रिकॉर्डेड वीडियो में कहा कि अब आंदोलन की कमान अजिंक्य शिंदे संभालेंगे। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने वीडियो जारी कर लोगों से जंतर-मंतर पर जुटने की अपील की है। वीडियो में कहा कि अगर पुलिस उन्हें रोके तो जहां हैं वहीं पर अपना जंतर-मंतर बना लें।
मोदी-शाह की जोड़ी का हमने अहंकार किया था चकनाचूर-आजिंक्य शिंदे
आजिंक्य शिंदे ने कहा, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास को डिटेन कर लिया गया है। पिछली बार जब देश एकजुट हुआ था, तब मोदी-शाह की जोड़ी का अहंकार हमने चकनाचूर किया था। इसी वजह से लोग जंतर-मंतर ना पहुंचे, इसके लिए इन्होंने ट्रेन बंद कर दी। बसें बंद कर दी। जहां से भी लोग आ रहे थे, उन्हें हिरासत में लिया। मोदी-शाह का ये डर दिखाता है कि आधी लड़ाई तो हम जीत चुके हैं और एक नई लड़ाई की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि देश के लोग जिसने चोरी की उसका इस्तीफा ही तो मांग रहे हैं। इसी वजह से पूरी दिल्ली बंद कर दी। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक लड़ाई जारी रहेगी।
आतिशी ने सोशल मीडिया पर कहा-एक व्यक्ति को बचाने के लिए कितने को जेल में डालेंगे
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाते समय शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उनके आवास के बाहर हिरासत में ले लिया। इस पर आप की वरिष्ठ नेता आतिशी भड़क उठीं। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल को ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने पर दिल्ली पुलिस ने बेरहमी से हिरासत में ले लिया। मोदी जी, ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए आप कितने लोगों को जेल में डालेंगे?
कनॉट प्लेस में पत्थरबाजी
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस में पत्थरबाजी हुई जिसमें एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गया। हेड कांस्टेबल नागेंद्र ने बताया कि हम प्रदर्शनकारियों को हटा रहे थे। उस दौरान हाथापाई हुई और मेरी नेमप्लेट टूट गई...यह घटना बाबा खड़क सिंह मार्ग के पास आर्य स्कूल लेन के पास हुई।
दिल्ली के सभी बॉर्डर पर जांच सख्त
डीसीपी मित्तल ने साउथ दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर कहा कि सीमाओं पर जांच काफी सख्त कर दी गई है। इसका उद्देश्य प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान करने वाले संगठनों के सदस्यों को रोकना है। उन्हें रोककर परामर्श भी दिया जा रहा है। पुलिस आम जनता से भी शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

