मीडिया के लिए खोला गया अरविंद केजरीवाल का पूर्व बंगला: रखी वस्तु की कीमत भी की जायेगी प्रदर्शित, भाजपा ने ‘शीशमहल’ दिया था नाम

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व आधिकारिक आवास को शुक्रवार को मीडिया के लिए खोल दिया गया और इस दौरान 5.8 लाख रुपये की लागत वाले पाउडर रूम, 41 लाख रुपये की लागत वाले ‘बैठक’ कक्ष और करीब 7.5 लाख रुपये की लागत से बने लॉबी क्षेत्र को भी देखने का मौका दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी ने इस बंगले को ‘शीशमहल’ नाम दिया था।
उत्तर दिल्ली के छह, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित इस बंगले में केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहा करते थे। दिल्ली में 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पर इस बंगले के निर्माण और साज-सज्जा पर अत्यधिक खर्च करने का आरोप लगाया था। यह आरोप केजरीवाल की उस आम आदमी की सादगीपूर्ण छवि के विपरीत था, जिसके दम पर उन्होंने सत्ता तक का सफर तय किया था।
2015 से लेकर 2024 तक इस बंगले में रहे केजरीवाल
अगले साल पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने इस मुद्दे पर अपने हमले को और तेज कर दिया है। सरकार जल्द ही इस बंगले को आम लोगों के लिए खोलने जा रही है। यहां रखी प्रत्येक वस्तु की कीमत भी प्रदर्शित की जाएगी। बंगले में ‘स्लाइडिंग’ दरवाजे वाली बैठक कक्ष की कीमत 41.16 लाख रुपये, पाउडर रूम की कीमत 5.80 लाख रुपये और लॉबी क्षेत्र की कीमत 7.58 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, रसोई में सामान ऊपर-नीचे ले जाने के लिए लगी ‘डंबवेटर’ लिफ्ट की कीमत सात लाख रुपये दर्ज की गई है। केजरीवाल 2015 से अक्टूबर 2024 तक अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने यह आवास खाली कर दिया था। दिल्ली सरकार की योजना है कि मीडिया के शुरुआती दौरे के बाद टिकट व्यवस्था के तहत इस परिसर को आम लोगों के भ्रमण के लिए खोला जाए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।