पुलवामा हमले से पहले चीन की निगरानी पर सवाल: भारत बोला- हमारी हर गतिविधि पर नजर, सुरक्षा के लिए उठा रहे जरूरी कदम

दिल्ली|
भारत बोला- हमारी हर गतिविधि पर नजर, सुरक्षा के लिए उठा रहे जरूरी कदम
सेव सूची

पुलवामा आतंकी हमले से पहले चीन की ओर से कथित तौर पर सैटेलाइट के जरिए निगरानी किए जाने की रिपोर्टों पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत ऐसी सभी घटनाओं और गतिविधियों पर नजर रखता है और सुरक्षा के लिहाज से जो भी जरूरी कदम होते हैं, उन्हें उठाया जाता है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा कि उन्होंने भी इस विषय से जुड़ी कई रिपोर्टें देखी हैं। हालांकि, उन्होंने चीनी सैटेलाइट की कथित भूमिका पर किसी तरह की पुष्टि नहीं की।

विदेश मंत्रालय की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब पुलवामा हमले से पहले की कथित गतिविधियों और चीन की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था। इसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। मंत्रालय ने साफ किया कि भारत अपनी सुरक्षा से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखता है और जरूरत के मुताबिक कदम उठाता है।

एलएसी पर भारत-चीन के बीच सैन्य बातचीत जारी

विदेश मंत्रालय ने भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर जारी बातचीत को लेकर भी जानकारी दी। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों देश कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर संवाद बनाए हुए हैं। हाल ही में पूर्वी क्षेत्र में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक हुई। इसमें सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने और एलएसी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस बातचीत का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना है। दोनों पक्षों के बीच संवाद और सैन्य संपर्क के जरिए सीमा पर किसी तरह की गलतफहमी या तनाव को बढ़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है। अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में तनाव कम करने के लिए नवंबर में भी सैन्य कमांडर स्तर की बातचीत हुई है।

रूस के साथ भी लगातार संपर्क में भारत

विदेश मंत्रालय ने भारत और रूस के बीच हालिया कूटनीतिक बातचीत की जानकारी भी दी। जायसवाल के मुताबिक, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने रूसी समकक्ष से फोन पर बात की है। पिछले कुछ सप्ताह में रूसी पक्ष के साथ विभिन्न स्तरों पर बातचीत हुई है।

इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों के अलावा मौजूदा वैश्विक हालात, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों तथा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे संघर्षों पर विचार साझा किए।

जन्मस्थान की जानकारी में गड़बड़ी पर पासपोर्ट नोटिस

विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट से जुड़े एक मामले में भी जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि पासपोर्ट आवेदन में सही जानकारी देना अनिवार्य है। यदि आवेदन में तथ्य छिपाने या किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति से स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है।

मंत्रालय के अनुसार, संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर 2026 को सौरव दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे जन्मस्थान से जुड़े मामले में सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब दाखिल करने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।