सीजेआई सूर्यकांत पर टिप्पणी करने वाले वकील की बढ़ेंगी मुश्किलें: चलेगा अवमानना का केस, सुप्रीम कोर्ट कल करेगा सुनवाई

दिल्ली|
चलेगा अवमानना का केस, सुप्रीम कोर्ट कल करेगा सुनवाई
सेव सूची

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले वकील प्रवीण सिंघल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू करने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट ने इस याचिका पर बुधवार, 18 नवंबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई है।

मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष एससीबीए की ओर से याचिका पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया गया। पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल हैं। एससीबीए की सचिव अधिवक्ता प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव अधिवक्ता मीनेष दुबे ने अदालत को बताया कि वकील प्रवीण सिंघल के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी की सहमति मिल गई है। इस पर पीठ ने याचिका को बुधवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।

सुनवाई के दौरान सीजेआई से कह दी थी आपत्तिजनक बात

दरअसल, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिला था। वकील प्रवीण सिंघल ने न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे पर अपनी दलीलें रखने के लिए तत्काल सुनवाई की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि इस संबंध में दो नवंबर को सीजेआई कार्यालय को पत्र भेजा गया था, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।

वकील ने पीठ से मामले की तुरंत सुनवाई करने का आग्रह किया। इस पर न्यायमूर्ति वी. मोहना ने उन्हें ऐसी बातों का उल्लेख नहीं करने की हिदायत दी। इसके बाद सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि हम देखेंगे, आप अभी इंतजार कीजिए। हालांकि, वकील अपनी बात पर अड़े रहे और कथित तौर पर सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा, "नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा। आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते। आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें वह ईमानदारी नहीं है।"

इस घटनाक्रम के बाद अदालत की ऑनलाइन कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। बाद में सूत्रों के मुताबिक, अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मी वकील को बाहर ले गए। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर 18 नवंबर को सुनवाई होगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।