दिल्ली में बंदूक की नोक पर 2.30 करोड़ की लूट: चार हथियारबंद बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, नकदी से भरा बैग लेकर फरार

दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर ₹2.30 करोड़ की सनसनीखेज लूट हुई है। चर्च मिशन पुलिस चौकी के पास स्थित एक दफ्तर में चार हथियारबंद बदमाशों ने इस फिल्मी अंदाज की वारदात को अंजाम दिया और पलक झपकते ही नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात चर्च मिशन पुलिस चौकी क्षेत्र में आने वाले एक कार्यालय में हुई। चार बेखौफ हथियारबंद बदमाश दफ्तर के अंदर दाखिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को पिस्तौल दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया और उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी।
अलमारी से उड़ाए 2.30 करोड़, कार से हुए फरार
दहशत का माहौल पैदा कर बदमाशों ने दफ्तर की अलमारी में रखी ₹2 करोड़ 30 लाख की भारी-भरकम नकदी को बैगों में भरा। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने पहले से खड़ी एक कार में सवार हुए और तेजी से हवा हो गए।
जांच में जुटी दिल्ली पुलिस की 4 टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लाहौरी गेट थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लूट की धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीमें घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस बदमाशों के दफ्तर में घुसने से लेकर कार से फरार होने तक के पूरे रूट को खंगालने में जुटी है ताकि उनका सुराग लगाया जा सके।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

