दिल्ली में बड़ा हादसा: चावड़ी बाजार में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढही, दो की मौत

दिल्ली|

पुरानी दिल्ली के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले व्यापारिक केंद्र चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने स्थित 'गली सितारा' में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस भीषण दुर्घटना में दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चावड़ी बाजार में इमारत ढहने की घटना की जांच के आदेश और ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दी हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने की सूचना सुबह करीब 9:50 बजे प्राप्त हुई थी। घटना के समय इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और कुछ मजदूर वहां मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते पूरी इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो गई, जिससे चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। चावड़ी बाजार में इमारत ढहने के मामले में एमसीडी ने सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित कर दिया हैं।

तंग गलियों के कारण रेस्क्यू में आ रही दिक्कतें

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इलाका काफी संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण राहत और बचाव कर्मियों को मलबे तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संकरी गलियों की वजह से भारी जेसीबी मशीनें अंदर नहीं जा पा रही हैं, इसलिए कटर और अन्य उपकरणों की मदद से कंक्रीट और लोहे के सरियों को हाथों से काटकर हटाया जा रहा है।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

बगल में रहने वाले एक स्थानीय निवासी मोहम्मद नईम ने बताया, "हम सुबह सो रहे थे, तभी कुछ गिरने की बहुत तेज आवाज आई। हमें लगा कि हमारा अपना घर ही गिर रहा है। जब हम घबराकर बाहर भागे तो देखा कि पड़ोस में पिछले तीन-चार महीनों से बन रही इमारत पूरी तरह ढह चुकी है। वहां 3-4 लिंटेल डाले जा चुके थे, जो एक साथ नीचे गिर गए।" त्योहारों के सीजन के कारण इस समय चांदनी चौक और चावड़ी बाजार जैसे इलाकों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे समय में हुए इस हादसे ने निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही और तय मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में दबे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।