दिल्ली में एक लाख इनामी बदमाश गिरफ्तार: पैर में गोली लगने से हुआ घायल, पुलिस ने दबोचा

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। दक्षिणी दिल्ली के मैदानगढ़ी थाना इलाके में रविवार सुबह दिल्ली पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए बदमाश की पहचान सावन उर्फ इलियास उर्फ 'मुच्छड़ मामा' के रूप में हुई है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर डकैती व हत्या जैसे कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सुबह-सुबह बिछाया गया था जाल
पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि मुच्छड़ मामा इलाके में किसी बड़ी डकैती या छिनैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 6:00 से 6:30 बजे के बीच मैदानगढ़ी इलाके में जाल बिछाया।
रुकने का इशारा किया, तो चला दी गोलियां
जब बाइक सवार बदमाश सावन को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
कई राज्यों में फैला था आतंक, चार हत्याओं का आरोप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। साल 2014 के आसपास इसने पंजाब में एक घर में डकैती के दौरान चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी थी, जिसके बाद से यह लगातार फरार चल रहा था। यह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में अपने गैंग के साथ घूम-घूमकर घरों को निशाना बनाता था और डकैती डालता था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपी के पास से दो अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर फॉरेंसिक (FSL) की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पुलिस मामले की आगे की तफ्तीश में जुटी हुई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

