डिलीवरी बॉय ने लाइव आकर पी लिया जहर: बोला-क्या गरीब होना गुनाह है-गरीबों को दुनिया में रहने का हक नहीं, इलाज के दौरान मौत

दिल्ली|
बोला-क्या गरीब होना गुनाह है-गरीबों को दुनिया में रहने का हक नहीं, इलाज के दौरान मौत

पूर्वी दिल्ली से एक दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक डिलीवरी बॉय ने लाइव आकर जहर पी लिया जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। डिलीवरी बॉय समीर हुसैन ने जहर खाने से पहले छह मिनट 14 सेकेंड का अपना एक वीडियो बनाया है। जिसमें वह कहते हुए सुना जा रहा है कि क्या गरीब होना गुनाह है, गरीबों को दुनिया में रहने का हक नहीं है क्या...समीर ने वीडियो में कहा कि यदि उसके मामले में सुनवाई नहीं हुई तो वह 24 घंटे में जहर पी लेगा। वीडियो के दौरान समीर ने बैग से बोतल निकालकर दिखाता हुआ दिखा। इसके बाद उसने जहर पी लिया। करीब 16 दिन अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ते हुए वह हार गया।

समीर की मां ने रोते हुए बताया कि 21 अक्टूबर को उनके बेटे का जन्मदिन था। वह एक दिन पहले ही दुनिया से रुखसत हो गया। अपने वीडियो में समीर बताता है कि उसके पास बहुत पैसे नहीं हैं। परिवार और अपना खर्च चलाने के लिए वह निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसके पास कोई बाइक या स्कूटी नहीं है।

फटा नोट लेने से इन्कार करने पर की थी पिटाई

जानकारी के अनुसार, पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी स्थित ईस्ट विनोद नगरी इलाके में निजी कंपनी का डिलीवरी बॉय सामान लेकर एक घर पर पहुंचा था। यहां फटा हुआ 10 रुपये का नोट लेने से इन्कार करने पर पिता-पुत्र ने डिलीवरी बॉय समीर हुसैन (24) को पीट दिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की तो मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया। पिटाई से समीर इस कदर आहत हुआ कि अगले दिन उसने वीडियो बनाकर जहर खा लिया। परिजनों ने उसे एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान 20 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। समीर ने अपने वीडियो में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

युवक की पिटाई करने वाले आरोपी गिरफ्तार

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने समीर की मौत के बाद अब आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी पिता रामपाल सिंह (65) और इसके बेटे बंटी (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि समीर अपने परिवार के साथ खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता जाकिर हुसैन व अन्य सदस्य हैं। जाकिर एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय की नौकरी करता था। चार अक्टूबर की रात को वह कुछ सामान लेकर आरोपी रामपाल सिंह के घर पर पहुंचा। वहां सामान देने के बाद 10 रुपये का फटा हुआ नोट लेने से इन्कार करने पर आरोपी पिता-पुत्र ने समीर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा। पीड़ित ने वहीं से रात 11.03 बजे पीसीआर कॉल कर दी। पुलिस समीर को लेकर थाने पहुंची। बाद में उसका मेडिकल करवाया गया।

आरोपियों को कर दिया था रिहा

समीर के बयान पर पांच अक्टूबर को मारपीट का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। समीर इससे बहुत आहत हुआ। उसने उसी दिन अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया। वीडियो में उसने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के लिए कहा। बाद में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। समीर के पिता जाकिर हुसैन ने उसे गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उसका इलाज जारी रहा। इस बीच मंगलवार को एलबीएस अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका शव कब्जे में ले लिया।

एक नेता का करीबी रिश्तेदार है आरोपी

बाद में उसके वीडियो व परिवार की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। पुलिस ने मंगलवार को ही पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उनको एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बताया कि जा रहा है कि आरोपी रामपाल एक स्थानीय नेता का करीबी रिश्तेदार है। मेडिकल बोर्ड से समीर के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।