दिल्ली में कार और ऑटो की भीषण टक्कर: हादसे में दो लोगों की मौत, छह अन्य घायल

उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। युधिष्ठिर सेतु पर एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा युधिष्ठिर सेतु पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया।
मौके से आरोपी चालक फरार
कश्मीरी गेट पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज किया था। हालांकि, दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने एफआईआर में गैर-इरादतन हत्या से संबंधित बीएनएस की धारा 105 भी जोड़ दी है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।