दिल्ली में खौफनाक वारदात: पानी का मोटर बंद करने पर भाई ने भाई को मार डाला, प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद

दिल्ली के जसोला में प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद में शुक्रवार को एक भाई ने दूसरे भाई की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी भाई और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी ओमप्रकाश पर सरिता विहार थाने में मामला दर्ज है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो भाइयों के बीच लड़ाई हुई है। इस दौरान जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शुरुआती जांच में पता चला कि जिस घर में दोनों भाई रहते थे वो यमुना का है। यमुना के दो बेटे हैं। ओम प्रकाश और संजय एक ही घर में ऊपर नीचे रहते थे। उनके साथ उनकी पत्नी और उनके बच्चे भी उसी घर में रहते थे। इस दौरान पता चला कि दोनों भाइयों का उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पांच बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था जिससे दोनों में लड़ाई होती रहती थी।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे ओम प्रकाश की पत्नी चंदा मोटर से पानी भर रही थी तभी नीचे के फ्लोर पर रहने वाले संजय ने मोटर बंद कर दिया। चंदा नीचे आई और संजय से मोटर बंद करने का कारण पूछा, जिस पर दोनों में लड़ाई हो गई। इस दौरान संजय ने चंदा का बाल खींच दिया। लड़ाई के बाद चंदा ऊपर गई और लाठी लेकर नीचे आई और पास में ही सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाले अपने पति ओमप्रकाश को भी बुला लाई। दोनों भाइयों के बीच हिंसक लड़ाई हुई और एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों की मां यमुना को भी गंभीर चोटें आईं, लेकिन एक लाठी का वार संजय के सिर पर लग गया जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को किया गिरफ्तार
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे दो भाइयों के बीच झगड़े को लेकर कॉल आई थी। बताया गया कि ओम प्रकाश और संजय के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था, जो हिंसक हो गया और भाई ने भाई की हत्या कर दी। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हत्यारोपी भाई ओमप्रकाश पर पहले भी सरिता विहार थाने में धारा 323, 341 के तहत मामला दर्ज है। अब पुलिस ने पत्नी और ओमप्रकाश दोनों के खिलाफ धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

