राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी दिवाली की शुभकामनाएं: द्रौपदी मुर्मू बोलीं-यह त्योहार रामराज्य की शुरुआत का प्रतीक, मोदी ने कहा-जवानों के साथ मनाएंगे त्योहार

दिल्ली|
द्रौपदी मुर्मू बोलीं-यह त्योहार रामराज्य की शुरुआत का प्रतीक, मोदी ने कहा-जवानों के साथ मनाएंगे त्योहार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि भारतीय मूल्यों से प्रेरित देश के देशभक्त युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान देंगे।

राष्ट्रपति ने क्या कहा?

राष्ट्रपति ने एक संदेश में कहा कि दीपावली का उल्लासपूर्ण उत्सव भगवान श्रीराम के रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटने की स्मृति में मनाया जाता है। राष्ट्रपति ने कहा, “भगवान श्रीराम प्रज्वलित दीपों को देखकर मंत्रमुग्ध हो गये थे।” उन्होंने कहा, “यही दीपावली का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है। यह त्योहार रामराज्य की शुरुआत का भी प्रतीक है।” राष्ट्रपति ने देश के प्रत्येक नागरिक के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की।

उन्होंने कहा, “आइए, हम पर्यावरण का संरक्षण करें और सद्भाव के साथ रहें। भारतीय मूल्यों से प्रेरित हमारे देश के देशभक्त युवा विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दें।” राष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली का त्योहार नकारात्मक प्रवृत्तियों पर सद्गुणों की विजय का प्रतीक है और यह दुखों के अंत व सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुरुआत का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर लोग शुभ कार्यों की शुरुआत और कल्याण के लिए भगवान गणेश तथा समृद्धि के लिए माता महालक्ष्मी की पूजा करते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, “दीपावली के पावन अवसर पर मैं भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।”

पीएम मोदी ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी वह देश के बहादुर जवानों के साथ यह त्योहार मनाएंगे। सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में मोदी ने कहा कि वह यह त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे। उन्होंने कहा कि दीपावली की पूर्व संध्या पर पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है और यह अंधकार के खिलाफ देश के संकल्प को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि आने वाले दिनों में आप सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशियां आएं। मैं भी आप सभी की तरह पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि वह हर साल देश के बहादुर जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार भी मैं इस परंपरा को जारी रखूंगा। आप सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं।’’ हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किस सैन्य अड्डे या चौकी पर जवानों के साथ यह त्योहार मनाएंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।