छठ महापर्व और बिहार की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामला: कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ दिल्ली और पटना में FIR दर्ज, क्लब भी बंद

दिल्ली|
कॉमेडियन यश माहेश्वरी के खिलाफ दिल्ली और पटना में FIR दर्ज, क्लब भी बंद
सेव सूची

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा और बिहार की महिलाओं की सांस्कृतिक परंपराओं पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विवाद बढ़ने और शिकायतें मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, यह विवादित टिप्पणी 24 अक्टूबर को दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान की गई थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया और यूट्यूब पर साझा किया गया। वीडियो में कॉमेडियन द्वारा छठ पूजा के दौरान बिहार की महिलाओं की नाक से मांग तक सिंदूर लगाने की पारंपरिक प्रथा को लेकर कथित रूप से अभद्र और अश्लील मजाक किया गया था।

विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी आक्रोश

वीडियो वायरल होने के बाद पूर्वांचली समाज, विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों में भारी आक्रोश फैल गया। रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने साकेत थाने में कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडियन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दूसरी ओर,बिहार की राजधानी पटना में भी कॉमेडियन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही, कार्रवाई के तहत कॉमेडियन के 'हाइड आउट कॉमेडी क्लब' को भी बंद करा दिया गया है।

आयोग का संज्ञान और चौतरफा विरोध

मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है और बिहार के डीजीपी से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। राजनीतिक गलियारों में भी इस बयान की कड़ी निंदा हुई है। लोक जनशक्ति पार्टी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की, वहीं भाजपा नेताओं और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी इसे सांस्कृतिक गरिमा और महिलाओं के सम्मान पर प्रहार बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की वकालत की है।

कॉमेडियन ने मांगी माफी

चौतरफा विरोध और कानूनी शिकंजा कसता देख कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी है। हालांकि, माफी के बावजूद पुलिस ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और महिलाओं की गरिमा के अपमान से जुड़ी धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ा दी है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।