चावड़ी बाजार इमारत हादसा: फरीदाबाद से तीन ठेकेदार गिरफ्तार, दो मजदूरों की हुई थी मौत

दिल्ली|

चावड़ी बाजार इलाके में एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस हादसे के मुख्य आरोपी तीनों ठेकेदारों को हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव से गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए ठेकेदारों की पहचान सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान के रूप में हुई है, जो पुरानी दिल्ली के अजमेरी गेट इलाके के रहने वाले हैं। हादसा होने के बाद ये तीनों आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस टीम ने फरीदाबाद के पास से दबोच लिया। दिल्ली पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9:48 बजे चावड़ी बाजार की गली शीश महल में हुई। वहां एक तीन मंजिला इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था, जो अचानक भरभरा कर गिर गई। मलबे से निकाले जाने के बाद दो मजदूरों,किशोरी (40) और संजीत (45)—ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा मलबे से सुरक्षित निकाले गए दो अन्य घायलों, सहदेव चौधरी और फिरोज, का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और एमसीडी की टीमें संकरी गलियों की चुनौतियों के बावजूद लगातार मलबा हटाने और राहत कार्य में जुटी हैं।

इंजीनियर सस्पेंड

शुरुआती जांच में सामने आया है कि ढह रही बिल्डिंग का निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा था। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में इलाके के असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।