पूर्वी दिल्ली के बंद कैफे में युवती से गैंगरेप: दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पार्टी करने के लिए प्रीत विहार पहुंचे थे आठ लोग

दिल्ली|
दो महिलाओं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पार्टी करने के लिए प्रीत विहार पहुंचे थे आठ लोग
सेव सूची

पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में देर रात एक कैफे में पार्टी के बाद 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं और एक युवक समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के एक कैफे में काम करती है। घटना में शामिल अधिकांश आरोपी भी उसी के साथ काम करते हैं और सभी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब सात से आठ लोग पार्टी करने के लिए प्रीत विहार इलाके के एक कैफे में पहुंचे थे। यह कैफे रात 11:30 बजे बंद हो चुका था, लेकिन समूह के एक सदस्य के पास कैफे की चाबी थी। आरोपियों ने चाबी से बंद कैफे का ताला खोला और अंदर देर रात तक शराब पार्टी व डांस किया।

कैफे से बाहर निकलने के बाद की दरिंदगी

तड़के करीब 3:30 बजे सभी लोग कैफे से बाहर निकले। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि वारदात के वक्त वहां मौजूद अन्य साथियों और महिला सहकर्मियों ने आरोपियों का विरोध करने के बजाय उनका साथ दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मंगलवार सुबह करीब 5:45 बजे पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गैंगरेप की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें युवती को कुछ साथियों के साथ एक गाड़ी में जाते हुए देखा गया है। फिलहाल पुलिस ने दो महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना में हर किसी की भूमिका स्पष्ट हो सके। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।