गुरु रंधावा से जुड़े जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग: लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी, 7 राउंड की फायरिंग

दिल्ली|16 घंटे पहले
लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी, 7 राउंड की फायरिंग

राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार तड़के सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक नामी फिटनेस सेंटर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने जिम को निशाना बनाते हुए कम से कम सात राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि संबंधित जिम के ब्रांड एंबेसडर पंजाबी गायक गुरु रंधावा हैं। वारदात के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई। जिसमें कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।

पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। जब जिम का केयरटेकर परिसर पहुंचा। उसने जिम के शीशों पर गोलियों के निशान और टूट-फूट देखी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान घटनास्थल से कई खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चिंता

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट में लॉरेंस गैंग और उसके सहयोगियों द्वारा फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में गुरु रंधावा का नाम लेते हुए उन्हें कथित तौर पर चेतावनी दी गई और अभिनेता सलमान खान से दूरी बनाने की बात कही गई। इसके साथ ही गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से एक ऑडियो भी सामने आया। जिसमें जान से मारने की धमकी दिए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस इन पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की भी जांच कर रही है।

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया है। जांच एजेंसियां रंगदारी, गैंगवार, कारोबारी विवाद और व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिम के मालिकों और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिम के मालिक राजौरी गार्डन क्षेत्र के दो कारोबारी हैं। गुरु रंधावा इसके ब्रांड एंबेसडर हैं। इसी वजह से इस मामले को हाई-प्रोफाइल श्रेणी में रखा गया है। सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया पर प्रसारित धमकी भरे संदेशों की भी निगरानी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।