स्वस्थ भारत ही विकसित भारत 2047 की नींव': उपराष्ट्रपति ने बताया एक दशक में कैसे बदला देश का हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर, 'आयुष्मान भारत' से कम हुआ इलाज का बोझ

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि देश के स्वास्थ्य संस्थानों को चिकित्सा उत्कृष्टता के साथ-साथ किफायती दर, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को भी अपनाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक स्वस्थ भारत ही 'विकसित भारत 2047' की मजबूत नींव है और चिकित्सा क्षेत्र की प्रगति का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।
उपराष्ट्रपति शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित होली फैमिली अस्पताल के नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जाति, पंथ, धर्म और आर्थिक स्थिति से परे हर नागरिक के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने नर्सिंग कर्मियों की सेवा भावना की भी सराहना की।
कैंसर और नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का आह्वान
उपराष्ट्रपति ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार और अनुसंधान में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने समाज से ड्रग माफिया और नशे जैसी बुराइयों को खत्म करने के लिए एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य ढांचे में आया बड़ा बदलाव
पिछले एक दशक में देश के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए श्री राधाकृष्णन ने बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 846 हो गई है। उन्होंने कहा कि 'आयुष्मान भारत' जैसी योजनाओं ने गरीब परिवारों पर पड़ने वाले इलाज के आर्थिक बोझ को काफी कम किया है, जिसके तहत स्वास्थ्य कवरेज के लिए लगभग दो लाख करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने स्वास्थ्य बीमा की पहुंच को और अधिक विस्तृत करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में भारत में अपोस्टोलिक ननसिएचर के प्रभारी रेवरेंड मोनसिग्नोर एंड्रिया फ्रांसिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।