अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस: कानून सख्त, फिर भी सुरक्षित नहीं महिलाएं; हर 71 सेकंड में दर्ज होता है एक अपराध

महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश में कानून लगातार सख्त किए गए हैं। दुष्कर्म, यौन उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के खिलाफ अलग-अलग कानूनी प्रावधान मौजूद हैं। नए आपराधिक कानूनों में भी महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है। इसके बावजूद महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थम नहीं रही हैं। कई मामलों में पीड़िताओं को शिकायत दर्ज कराने से लेकर अदालत में न्याय मिलने तक लंबी लड़ाई लड़नी पड़ती है। सवाल यही है कि जब कानून इतने सख्त हैं तो महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल क्यों नहीं बन पा रहा?
25 नवंबर को मनाए जाने वाले महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन अंतरराष्ट्रीय दिवस के मौके पर यह सवाल और अहम हो जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने इस वर्ष का संदेश रखा है-पीड़िताओं को न्याय दिलाएं, उनकी सुरक्षा करें और अपराधियों को दंड से बचने न दें। यह संदेश बताता है कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है।
हर दिन 1,210 मामले, हर 71 सेकंड में एक अपराध
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के वर्ष 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,41,534 मामले दर्ज किए गए। यानी औसतन हर दिन करीब 1,210 मामले और लगभग हर 71 सेकंड में एक मामला पुलिस तक पहुंचा। वर्ष 2023 में ऐसे 4,48,211 मामले दर्ज हुए थे। 2024 में संख्या में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन दर्ज मामलों का आंकड़ा अब भी बेहद बड़ा है।
उत्तर प्रदेश में 2024 के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध के 66,398 मामले दर्ज किए गए। संख्या के लिहाज से यह राज्यों में सबसे अधिक थी। हालांकि प्रति लाख महिला आबादी पर अपराध की दर 58 रही, जो राष्ट्रीय औसत 64.6 से कम थी। आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि घरेलू हिंसा और परिचितों के जरिए होने वाले अपराध बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
घर के भीतर भी सुरक्षित नहीं महिलाएं
एनसीआरबी के आंकड़ों में पति या उसके रिश्तेदारों की ओर से क्रूरता के 1,20,227 मामले दर्ज हुए। यह महिलाओं के खिलाफ दर्ज कुल अपराधों का 27.2 प्रतिशत है। इसके अलावा महिलाओं के अपहरण और उनसे जुड़ी घटनाओं के 67,829 तथा बालिकाओं से जुड़े पॉक्सो के 67,809 मामले दर्ज किए गए। दुष्कर्म के 29,536 मामले सामने आए।
दुष्कर्म के मामलों में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। वर्ष 2024 में दर्ज ऐसे 96.8 प्रतिशत मामलों में आरोपी पीड़िता का परिचित था। इनमें दोस्त, करीबी संबंध रखने वाले व्यक्ति, पड़ोसी, अन्य परिचित और परिवार के सदस्य शामिल थे। इससे स्पष्ट होता है कि महिलाओं की सुरक्षा की चुनौती केवल सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं है। घर, परिवार और परिचितों के बीच भी उन्हें हिंसा का सामना करना पड़ता है।
कानूनों में क्या-क्या है प्रावधान?
महिलाओं को सुरक्षा और न्याय देने के लिए कई कानून बनाए गए हैं। एक जुलाई 2024 से लागू भारतीय न्याय संहिता में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के प्रावधानों को अलग अध्याय में रखा गया है।
दुष्कर्म और यौन अपराध : भारतीय न्याय संहिता में दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न जैसे अपराधों के लिए कठोर सजा का प्रावधान है। नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास या मृत्युदंड तक दिया जा सकता है।
घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, 2005 : यह कानून महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और अन्य प्रकार की घरेलू हिंसा से सुरक्षा देता है। इसके तहत संरक्षण, रहने का अधिकार, आर्थिक राहत और मुआवजे जैसे आदेश मिल सकते हैं।
दहेज निषेध अधिनियम, 1961 : दहेज लेना, देना और इसकी मांग करना अपराध है। दहेज प्रताड़ना और दहेज मृत्यु के मामलों में भारतीय न्याय संहिता के प्रावधान भी लागू हो सकते हैं।
कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न कानून, 2013 : कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न को रोकने और शिकायतों के निस्तारण के लिए आंतरिक तथा स्थानीय समितियों की व्यवस्था की गई है।
पॉक्सो अधिनियम, 2012 : 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा देने के लिए यह विशेष कानून बनाया गया है।
फिर न्याय की राह मुश्किल क्यों?
1. शिकायत दर्ज कराने में डर और सामाजिक दबाव : कई महिलाएं परिवार की बदनामी, सामाजिक तानों, आरोपी के प्रभाव और भविष्य की चिंता के कारण शिकायत दर्ज कराने से बचती हैं। आर्थिक रूप से आरोपी पर निर्भरता भी उन्हें चुप रहने के लिए मजबूर कर सकती है।
2. जांच में देरी और साक्ष्यों की चुनौती : अपराध के बाद समय पर मेडिकल जांच, डिजिटल साक्ष्य जुटाना, गवाहों के बयान और वैज्ञानिक तरीके से जांच करना बेहद जरूरी है। इनमें लापरवाही या देरी से मुकदमा कमजोर हो सकता है।
3. लंबी न्यायिक प्रक्रिया : अदालतों में लंबित मामलों, गवाहों की अनुपस्थिति और बार-बार सुनवाई टलने से पीड़िताओं को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान उन्हें मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दबाव भी झेलना पड़ता है।
4. पीड़िता पर ही सवाल : कई मामलों में समाज पीड़िता के व्यवहार, कपड़ों, समय और संबंधों पर सवाल उठाने लगता है। इससे शिकायत करने वाली महिला पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और दूसरी पीड़िताओं का भी हौसला टूट सकता है।
5. कानून की जानकारी और सहायता का अभाव : ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में कई महिलाओं को यह जानकारी नहीं होती कि शिकायत कहां करें, कानूनी मदद कैसे लें और सुरक्षा के लिए कौन-सी व्यवस्था उपलब्ध है।
सिर्फ सजा नहीं, भरोसे का माहौल भी जरूरी
कानून का उद्देश्य केवल अपराधी को सजा दिलाना नहीं, बल्कि अपराध होने से रोकना और पीड़िता को सुरक्षा तथा सम्मान देना भी है। इसके लिए पुलिस थानों में संवेदनशील व्यवहार, समयबद्ध जांच, गवाहों की सुरक्षा, फास्ट ट्रैक अदालतों में प्रभावी सुनवाई और मुफ्त कानूनी सहायता जरूरी है। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और कार्यस्थलों पर लैंगिक समानता और सम्मानजनक व्यवहार को लेकर जागरूकता बढ़ानी होगी।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा का अंत तभी संभव है, जब पीड़िता को शिकायत करने में डर न लगे, पुलिस उसकी बात गंभीरता से सुने और अदालत से उसे समय पर न्याय मिले। सख्त कानून जरूरी हैं, लेकिन उनकी सफलता इस बात से तय होगी कि वे जमीन पर कितनी प्रभावी तरीके से लागू होते हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।