खेलों में IPL जैसा मॉडल बनाने की तैयारी: खेल मंत्रालय ने बनाई 14 सदस्यीय समिति, हेमांग अमीन और रघुराम अय्यर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भारत में खेल लीग के लिए मजबूत और आर्थिक रूप से टिकाऊ व्यवस्था तैयार करने की दिशा में खेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने देश में पेशेवर तरीके से संचालित खेल लीग का बेहतर इकोसिस्टम विकसित करने के लिए 14 सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सीईओ और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) हेमांग अमीन के साथ भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के सीईओ रघुराम अय्यर को भी शामिल किया गया है।
समिति को देश में मौजूदा खेल लीग के सामने आ रही चुनौतियों का आकलन करने और उन खेलों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें लीग के जरिए आगे बढ़ने की संभावनाएं हैं। समिति को अपनी अंतिम सिफारिशें खेल मंत्रालय को सौंपने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया गया है।
निजी निवेश और कॉरपोरेट फंडिंग बढ़ाने पर रहेगा जोर
खेल मंत्रालय के मुताबिक, समिति खेल लीग में कॉरपोरेट निवेश, फ्रेंचाइजी के स्वामित्व, प्रायोजन, प्रसारण और डिजिटल अधिकारों के साथ कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत मिलने वाली वित्तीय मदद बढ़ाने के उपाय सुझाएगी।
इसके लिए समिति राष्ट्रीय खेल संघों, मौजूदा लीग के अधिकारियों, निवेशकों और खेल प्रौद्योगिकी कंपनियों से भी बातचीत करेगी। इसका उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे खेल लीग लंबे समय तक आर्थिक रूप से टिकाऊ रह सकें।
महिला और ओलंपिक खेलों को भी मिलेगा बढ़ावा
समिति खास तौर पर ओलंपिक खेलों, महिला खेलों, युवा खेलों, स्वदेशी खेलों और उभरते हुए खेलों की पहचान करेगी। इन खेलों की जरूरत और व्यावसायिक संभावनाओं को देखते हुए उनके लिए अलग-अलग संचालन मॉडल तैयार करने की सिफारिश की जाएगी।
मंत्रालय का मानना है कि देश में कई खेल लीग ने अच्छी पहचान बनाई है, लेकिन कई खेल ऐसे भी हैं, जिनमें प्रतिभा और सामाजिक लोकप्रियता होने के बावजूद शुरुआती दौर में आर्थिक चुनौतियों के कारण लीग को आगे बढ़ाना मुश्किल होता है।
IPL के बाद दूसरी लीग को मजबूत करने की तैयारी
भारत में फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सबसे लोकप्रिय और सफल खेल लीग में शामिल है। इसके अलावा बैडमिंटन, कबड्डी, हॉकी और कुश्ती जैसे खेलों में भी फ्रेंचाइजी आधारित लीग आयोजित की जाती हैं। हालांकि, इनमें से कई लीग को हाल के वर्षों में वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। हॉकी लीग पर भी दोबारा बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।
मंत्रालय का मानना है कि मजबूत लीग व्यवस्था से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और खेलों में निजी निवेश बढ़ेगा। इसके साथ ही खेल प्रबंधन, प्रसारण और तकनीक जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
समिति में कौन-कौन शामिल?
समिति में खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव कुणाल को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा संयुक्त सचिव (खेलो इंडिया) विनील कृष्णा, IOA के सीईओ रघुराम अय्यर, BCCI के सीईओ और IPL के COO हेमांग अमीन सदस्य होंगे।
समिति में रिलायंस इंडस्ट्रीज, GMR स्पोर्ट्स, अडानी स्पोर्ट्सलाइन, JSW स्पोर्ट्स, जियोस्टार, सोनी नेटवर्क, दूरदर्शन और जी एंटरटेनमेंट के प्रतिनिधियों के साथ अधिवक्ता नंदन कामथ भी शामिल हैं।
समिति के सदस्य
कुणाल संयुक्त सचिव (शासन) संयोजक, विनील कृष्णा (संयुक्त सचिव-खेलो इंडिया), रघुराम अय्यर (सीईओ, आईओए), बी श्रीनिवासन (आरआईएल), हेमांग अमीन (बीसीसीआई सीईओ और सीओओ आईपीएल), पीकेएसवी सागर (जीएमआर स्पोर्ट्स), संजय अडेसरा (अडानी स्पोर्ट्सलाइन), दिव्यांशु सिंह (जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स), इशान चटर्जी (जियो हॉटस्टार), राजेश कौल (सोनी पिक्चर्स), अनुपम स्वरूप (डीडी स्पोर्ट्स), पराग दराडे (जी एंटरटेनमेंट), अभिजीत भट्टाचार्य (बीवीएल) और एडवोकेट नंदन कामथ।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।