जेएनयू में 'ग्रेफिटी वॉर': वामपंथ के विरोध में दीवारों पर लिखे गए 'अखंड भारत' और 'स्टॉप लव जिहाद' के नारे, तस्वीरें और पोस्टर भी चस्पा

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्र संगठनों के बीच वैचारिक टकराव एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। कैंपस की इमारतों और दीवारों को इस बार राजनीतिक संदेशों का जरिया बनाया गया है। वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा कथित तौर पर लिखे गए नारों के जवाब में अब कैंपस में राष्ट्रवादी और वामपंथ विरोधी नारे उकेरे गए हैं, जिससे जेएनयू में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब जेएनयू परिसर में वामपंथी विचारधारा से जुड़े संगठनों (AISA) द्वारा कथित तौर पर 'फ्री उमर खालिद','लॉन्ग लिव नक्सलबाड़ी' जैसे नारे लिखे गए और स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के चित्र के पास आपत्तिजनक बातें लिखी गईं। इसके जवाब में दक्षिणपंथी और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े छात्रों ने मोर्चा खोल दिया। कैंपस की दीवारों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए वामपंथ के विरोध में 'अखंड भारत', 'स्टॉप लव जिहाद', 'नेवर फ्री उमर खालिद' जैसे नारे लिखे गए। साथ ही इन स्लोगनों के साथ दीवारों पर कई तरह की तस्वीरें और पोस्टर्स भी चस्पा किए गए हैं।
आमने-सामने आए छात्र संगठन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने वामपंथी संगठनों पर विश्वविद्यालय का शैक्षणिक माहौल बिगाड़ने और देश विरोधी एजेंडा चलाने का आरोप लगाया था। वहीं, कैंपस में इन नए वामपंथ विरोधी और राष्ट्रवादी नारों के आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों पक्षों की ओर से तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। छात्रों के बीच बढ़ती इस जंग को कैंपस में 'ग्रेफिटी वॉर' का नाम दिया जा रहा है।
जामिया के बाद अब JNU में बढ़ा विवाद
इसके साथ ही दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में भी हाल ही में 'फ्री कश्मीर' और 'फ्री शर्जील इमाम' जैसे विवादित नारे लिखे जाने की बात सामने आई थी। जामिया के ठीक बाद जेएनयू में शुरू हुए इस नए विवाद ने दिल्ली के छात्र संगठनों और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
प्रशासन की कार्रवाई
दीवारों पर लगातार हो रही इस नारेबाजी और तस्वीरों को चस्पा किए जाने के बाद जेएनयू प्रशासन अलर्ट हो गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परिसर की शांति और शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

