दिल्ली के करोल बाग में भीषण आग: दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंची, बैटरी के ओवरचार्ज होने से भड़की आग
दिल्ली के मशहूर व्यापारिक केंद्र करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में शुक्रवार तड़के एक भीषण आग लग गई। यह आग चैन वाली गली के 13 ब्लॉक में स्थित 'पुरी प्लाजा' की एक दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की और आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया।
शुरुआती जांच के मुताबिक, दुकान में रखी किसी बैटरी के ओवरहीट या ओवरचार्ज होने की वजह से अचानक आग भड़की। बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान अधिक होने के कारण आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। गफ्फार मार्केट की संकरी और तंग गलियों की वजह से दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य चलाने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
दिवाली से पहले हुई घटना से दुकानदार दुखी
दुकानदारों का कहना है कि गफ्फार मार्केट में दुकानें एक-दूसरे से चिपकी हुई हैं और काफी संकरी हैं, ऐसे में अगर एक दुकान में आग लगती है तो उसका असर अन्य दुकानों पर भी बहुत जल्दी पड़ता है। इस दुकान में लगी आग के बाद आग चारों ओर फैल गई, जिससे न केवल ऊपर मंजिलों में बनी दुकानों में नुकसान हुआ है, बल्कि आसपास की दुकानों में भी सामान जलकर राख हो गया है। दिवाली से पहले धनतेरस पर हुई इस घटना के बाद दुकानदार बेहद दुखी हैं और नुकसान के बाद अपने घर के खर्चों को लेकर चिंता जता रहे हैं। दमकल की टीमें वाटर टेंडर और आधुनिक उपकरणों की मदद से लगातार स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में करने के प्रयास में जुटी हुई हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

