'घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकी ढेर': लतीफ भट के मारे जाने पर अमित शाह ने जवानों को किया सलाम, सभी एजेंसियों के तालमेल को सराहा

दिल्ली|
लतीफ भट के मारे जाने पर अमित शाह ने जवानों को किया सलाम, सभी एजेंसियों के तालमेल को सराहा
सेव सूची

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के मारे जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि घाटी में लश्कर का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट भी मारा गया है। शाह ने इस सफल ऑपरेशन के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल की तारीफ की। उन्होंने देश की ओर से बहादुर जवानों को सलाम भी किया।

अमित शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से कुलगाम में बुधवार तड़के चलाए गए ऑपरेशन में लतीफ भट को मार गिराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि लतीफ का एक आतंकी साथी उमर निसार एक दिन पहले ही कुलगाम में मारा गया था।

अमित शाह ने क्या कहा?

गृह मंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि घाटी में लश्कर के आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट को संयुक्त अभियान में ढेर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे ऑपरेशन में सभी एजेंसियों के बीच उच्च स्तर का तालमेल देखने को मिला। अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों की सराहना करते हुए कहा कि पूरा देश उन्हें सलाम करता है।

मस्जिद में छिपा था लतीफ भट, सरेंडर से किया इनकार

कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को घेर लिया था। वह जंगलपोरा इलाके की एक मस्जिद में छिपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे बात की और हथियार डालने पर जान बख्शने का भरोसा दिया। हालांकि, उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर उसे मार गिराया।

सीआरपीएफ नाके पर हमले में था शामिल

पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में सीआरपीएफ नाके पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। जांच में सामने आया था कि हमले से पहले लतीफ भट और उसके साथी उमर निसार ने कई इलाकों की रेकी की थी। दोनों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।