मोदी कैबिनेट ने लिए बड़े फैसले: असम में नया एयरपोर्ट, भारत बनेगा क्रेन-बुलडोजर का हब, 11 हजार करोड़ रुपये मंजूर

दिल्ली|
असम में नया एयरपोर्ट, भारत बनेगा क्रेन-बुलडोजर का हब, 11 हजार करोड़ रुपये मंजूर
सेव सूची

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ ही निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े भारी उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सिलचर के डोलू में नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। वहीं, निर्माण उपकरण विनिर्माण योजना के जरिए भारत को क्रेन, बुलडोजर, टनल बोरिंग मशीन और अन्य भारी मशीनों के निर्माण का केंद्र बनाने की कोशिश की जाएगी।

सिलचर के डोलू में बनेगा नया एयरपोर्ट, 2,014 करोड़ रुपये खर्च होंगे

कैबिनेट ने असम के सिलचर के डोलू में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है। एयरपोर्ट का निर्माण एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगी।

प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्गमीटर की टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसके रनवे की लंबाई 2,705 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर होगी। एयरपोर्ट पर पीक आवर्स में 800 यात्रियों यानी 400 आगमन और 400 प्रस्थान यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता करीब 10.1 लाख होगी।

पूर्वोत्तर के चार राज्यों को मिलेगा फायदा

नया एयरपोर्ट बराक घाटी के साथ पूर्वोत्तर के दूसरे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करेगा। इसे मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिंग पॉइंट के रूप में विकसित किया जाएगा।

एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा फल, सब्जियों और दूसरे खराब होने वाले सामानों की हवाई माल ढुलाई यानी कार्गो सुविधा को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

भारी मशीनों के निर्माण के लिए 11 हजार करोड़ की योजना

कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट यानी सीआईई) विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ साल के लिए लागू होगी।

इस योजना का उद्देश्य भारत में भारी निर्माण मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाना, आयात पर निर्भरता कम करना और विनिर्माण क्षेत्र में नई क्षमता विकसित करना है। इसके तहत उन उपकरणों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनका भारत में अभी बड़े पैमाने पर आयात होता है।

इन 7 तरह की मशीनों के निर्माण को मिलेगा बढ़ावा

योजना के तहत सात श्रेणियों के निर्माण उपकरणों को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से-

टनल बोरिंग मशीनें : सुरंग निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनें।

ऑफ-हाइवे ट्रक : खदानों और बड़े निर्माण स्थलों पर इस्तेमाल होने वाले भारी वाहन।

एक्सकेवेटर : खुदाई और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनें।

क्रेन : भारी सामान उठाने और निर्माण कार्य में उपयोगी उपकरण।

लोडर : निर्माण स्थलों पर मिट्टी, मलबा और सामग्री उठाने वाली मशीनें।

पाइलिंग रिग : पुल, इमारत और अन्य संरचनाओं की नींव तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण।

ड्रिलिंग मशीनें : जमीन में ड्रिलिंग और विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें।

भारत को विनिर्माण केंद्र बनाने की कोशिश

सरकार की इस योजना का उद्देश्य भारी निर्माण उपकरणों के क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ाना है। भारत में सड़क, रेलवे, मेट्रो, सुरंग, बंदरगाह और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के विस्तार के साथ निर्माण उपकरणों की मांग बढ़ रही है।

ऐसे में घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन देने से देश में विनिर्माण इकाइयों, आपूर्ति श्रृंखला और तकनीकी क्षमता के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। सरकार इस योजना के जरिए निर्माण उपकरण उद्योग में भारत की क्षमता बढ़ाने और आयात निर्भरता कम करने पर जोर दे रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।