केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स को दिया कड़ा निर्देश: पाकिस्तान की कोई भी वेब सीरीज भारत में रिलीज न हो, पुरानी एडवाइजरी और आश्वासन की दिलाई याद

केंद्र सरकार ने दिग्गज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को कड़ा निर्देश देते हुए कहा है कि वह यह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान में निर्मित कोई भी वेब सीरीज या अन्य मनोरंजन सामग्री भारत में रिलीज न हो। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह कदम आगामी पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के भारत में संभावित प्रसारण को लेकर मिल रही शिकायतों और विरोध के बाद उठाया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को आठ मई 2025 को जारी की गई सरकारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने को कहा है। अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी इस एडवाइजरी में सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तान से जुड़े किसी भी कंटेंट की स्ट्रीमिंग तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया गया था। इसके साथ ही मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पिछले साल जून में दिए गए उसके खुद के आश्वासन की भी याद दिलाई है, जिसमें प्लेटफॉर्म ने कहा था कि उसने अपने भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई भी फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है।
फवाद और माहिरा खान की सीरीज को लेकर छिड़ा विवाद
यह पूरा विवाद पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर शुरू हुआ है, जो आगामी चार दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। लेखिका फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर और हानिया आमिर जैसे पाकिस्तानी कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म संगठनों ने किया था कड़ा विरोध
मंगलवार को सीरीज का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही भारत में इसका तीव्र विरोध हो रहा था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार को पत्र लिखकर भारत में इस सीरीज पर प्रतिबंध लगाने और पाकिस्तानी कंटेंट पर स्थायी रोक लगाने की मांग की थी। फिलहाल नेटफ्लिक्स की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है कि यह सीरीज भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी या नहीं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।