‘तुम्हारा चाचा चोर है’: कहने पर प्रियंका ने स्कूल में लड़के को जड़ दिया था थप्पड़, राहुल बोले- मेरे पास कोई नहीं बैठता था

इंदिरा गांधी की 1977 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद गांधी परिवार के बच्चों के लिए भी हालात बदल गए थे। उस दौर में स्कूल में एक लड़के ने प्रियंका गांधी वाड्रा को उनके चाचा संजय गांधी को लेकर चिढ़ाया तो प्रियंका ने उसे थप्पड़ मार दिया था। प्रियंका गांधी ने यह किस्सा अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ बातचीत के दौरान सुनाया।
तीनों की बातचीत का वीडियो मंगलवार को कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। इसमें गांधी परिवार के सदस्य आपातकाल के बाद के अपने स्कूल के दिनों और उस दौर के अनुभवों को याद करते नजर आ रहे हैं।
‘तुम्हारा चाचा जेल में है, चोर है’
प्रियंका गांधी ने बताया कि आपातकाल के बाद उनकी दादी इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं। इसके बाद परिवार दूसरे घर में रहने चला गया। उस समय परिवार में काफी तनाव था।
प्रियंका के मुताबिक, स्कूल में एक लड़का उनके पास आया और कहा, ‘तुम्हारा चाचा (संजय गांधी) जेल में है, तुम्हारा चाचा चोर है।’ इस टिप्पणी पर प्रियंका ने गुस्से में लड़के को थप्पड़ मार दिया।
उन्होंने बताया कि थप्पड़ लगने के बाद लड़का रोने लगा और शिक्षक के पास शिकायत करने चला गया। इसके बाद प्रियंका को भी डांट पड़ी।
राहुल बोले- मैं विद्रोही था, प्रियंका नियम मानती थीं
बातचीत में राहुल गांधी ने स्कूल के दिनों में अपनी और प्रियंका की अलग-अलग प्रकृति का जिक्र किया। उन्होंने प्रियंका को नियमों का पालन करने वाली और विनम्र बताया, जबकि खुद को विद्रोही स्वभाव का बताया। राहुल ने कहा कि वह सवाल पूछते थे और दूसरों को परेशान भी करते थे।
प्रियंका ने भी माना कि वह व्यवस्था के अनुकूल थीं, जबकि राहुल ऐसा नहीं थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि संसद में भी दोनों के बीच वही अंतर दिखाई देता है, जो स्कूल के दिनों में था।
राहुल के जन्मदिन पर सिर्फ एक दोस्त आया था
राहुल गांधी ने आपातकाल के बाद स्कूल लौटने के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उस समय कोई भी उनके बगल में बैठना नहीं चाहता था। उन्होंने कहा कि अपने सातवें जन्मदिन पर उनके दोस्तों में से केवल एक ही उनसे मिलने आया था। वह दोस्त आज भी उनके साथ है।
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के कुछ दिन बाद सामने आए इस वीडियो में तीनों ने अपने जीवन के कठिन और सुखद पलों को याद किया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।