अमेरिका में राहुल गांधी ने कहा-भारतीय लोकतंत्र ​बीमार हैं: भाजपा ने किया पलटवार, बताया- भारत विरोधी दुष्प्रचार का नेता

दिल्ली|
भाजपा ने किया पलटवार, बताया- भारत विरोधी दुष्प्रचार का नेता
सेव सूची

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारतीय लोकतंत्र को बीमार बताने वाली कथित टिप्पणी को लेकर गुरुवार को उन पर निशाना साधा और उन पर विदेशी धरती से भारत विरोधी दुष्प्रचार करने और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया जिसमें गांधी को कथित तौर पर ये टिप्पणियां करते हुए सुना जा सकता है। कांग्रेस नेता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह परिवार से प्यार करते हैं लेकिन लोकतंत्र से नफरत करते हैं।

अमेरिका यात्रा पर गए राहुल गांधी बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस वीडियो में राहुल गांधी को कार्यक्रम के दौरान यह कहते हुए सुना जा सकता है, भारतीय लोकतंत्र बीमार है। मेरे लिए 100, 200, 300 प्रतिशत सबूत के बिना यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है। लेकिन विपक्ष के सभी कार्यकर्ताओं के साथ क्या हो रहा है? हर बार राहुल साबित करते हैं कि वह भारत राष्ट्र, भारत की जनता और भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने के खिलाफ हैं। राहुल गांधी भारत विरोधी दुष्प्रचार के नेता हैं।

विदेशी धरती पर भारत की निष्पक्षता को बदनाम करने का लगाया आरोप

भाजपा प्रवक्ता सी. आर. केशवन ने लोकसभा में विपक्ष के नेता पर विदेशी धरती पर भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी टिप्पणियां संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अनादर और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति तिरस्कार को दर्शाती हैं। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केशवन ने कहा कि गांधी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए गए अपने आरोपों के समर्थन में कोई हलफनामा दाखिल नहीं किया है। 2014 के चुनाव के बारे में राहुल गांधी के बयान अतार्किक और भ्रामक बातों के अलावा कुछ नहीं हैं क्योंकि 2014 के चुनाव के समय कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार सत्ता में थी।

राहुल गांधी की आपातकाल वाली मानसिकता उजागर

केशवन ने राहुल गांधी पर सुविधा के अनुसार तथ्यों को भूलने का भी आरोप लगाया और कहा कि वह चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर तभी सवाल उठाते हैं, जब कांग्रेस चुनाव हारती है जबकि कुछ राज्यों में पार्टी की जीत पर चुप रहते हैं। केशवन ने कहा, राहुल गांधी बार-बार चुनावों में शून्य पर ‘क्लीन बोल्ड’ हो रहे हैं और जनता उन्हें नकार रही है। ऐसा इसलिए नहीं है कि पिच से छेड़छाड़ की गई है, बल्कि इसलिए है कि वह नेतृत्व करने के लिए अयोग्य, अक्षम और अकुशल हैं और लोग उन पर भरोसा नहीं करते। उन्होंने विदेशी धरती पर चुनाव में अनियमितताओं के आरोप लगाने वाली राहुल गांधी की टिप्पणियों को बेहद निंदनीय बताया और कहा कि इससे उनकी आपातकाल वाली मानसिकता उजागर होती है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।