विज्ञान की ताकत से संवरेगा भविष्य: शोध से समाधान तक जुड़ेगा समाज, यूनेस्को ने युवाओं और समाज की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर

दिल्ली|
शोध से समाधान तक जुड़ेगा समाज, यूनेस्को ने युवाओं और समाज की भागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर
सेव सूची

विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिकों और शोध संस्थानों तक सीमित विषय नहीं है। जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ ऊर्जा जैसी चुनौतियों का समाधान तभी संभव है, जब वैज्ञानिक ज्ञान का लाभ आम लोगों तक पहुंचे और समाज भी समाधान तैयार करने की प्रक्रिया में भागीदार बने। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए 27 नवंबर को पहली बार ‘सतत विकास के लिए विज्ञान में सहभागिता का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ मनाया जा रहा है।

संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के सामान्य सम्मेलन ने वर्ष 2025 में इस दिवस की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य विज्ञान को सार्वजनिक हित की साझा संपत्ति के रूप में बढ़ावा देना, वैज्ञानिकों और समाज के बीच संवाद मजबूत करना तथा युवाओं को वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ना है। यह दिवस सतत विकास के लिए विज्ञान के अंतरराष्ट्रीय दशक (2024-2033) से भी जुड़ा है।

वैज्ञानिक सोच में आम लोगों की भागीदारी जरूरी

इस पहल के तहत विज्ञान को केवल विशेषज्ञों का विषय मानने के बजाय आम नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय समुदायों को भी इससे जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। नागरिक विज्ञान यानी सिटिजन साइंस इसका एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें आम लोग भी वैज्ञानिक शोध और आंकड़े जुटाने में योगदान कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर स्थानीय जलस्रोतों की स्थिति दर्ज करना, वायु प्रदूषण के आंकड़े जुटाना, जैव विविधता की निगरानी करना और मौसम से जुड़े बदलावों का रिकॉर्ड तैयार करना।

यूनेस्को के मुताबिक, इस दिवस का मकसद विज्ञान और समाज के बीच दूरी कम करना, वैज्ञानिक जानकारी को अधिक सुलभ बनाना और शोध, नीति निर्माण तथा आम लोगों के अनुभवों के बीच बेहतर तालमेल तैयार करना है।

दस साल का वैश्विक अभियान

संयुक्त राष्ट्र महासभा की घोषणा

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 25 अगस्त 2023 को 2024 से 2033 तक के दशक को ‘सतत विकास के लिए विज्ञान का अंतरराष्ट्रीय दशक’ घोषित किया था। इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी यूनेस्को को सौंपी गई। इस पहल में बुनियादी विज्ञान, अनुप्रयुक्त विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और मानविकी को शामिल किया गया है, ताकि पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और समाज से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का उपयोग हो सके।

पहले आयोजन के तहत यूनेस्को पेरिस मुख्यालय से वैश्विक वेबिनार आयोजित कर रहा है। इसमें वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और युवा शोधकर्ताओं के साथ विज्ञान में जनभागीदारी पर चर्चा होगी। दुनिया भर के स्कूलों, विज्ञान क्लबों, प्रयोगशालाओं और संस्थानों को भी स्थानीय स्तर पर गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

विज्ञान में सहभागिता का यह संदेश है कि टिकाऊ भविष्य केवल नई तकनीक विकसित करने से नहीं बनेगा, बल्कि वैज्ञानिक ज्ञान को साझा करने और उसके इस्तेमाल में हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने से बनेगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।