सोनिया गांधी की किताब बाजार में आई: बिना लॉन्च समारोह के सीधे दुकानों पर पहुंची, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा- यह कोई राजनीतिक बुक नहीं

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ लॉन्च हो गई है। खास बात यह है कि किताब के लिए कोई औपचारिक लॉन्च कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। इसे सीधे बाजार और किताबों की दुकानों पर बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
निजी जिंदगी से जुड़ी है यह किताब
सोनिया गांधी ने इस किताब को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा संस्मरण बताया है। उनका कहना है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि उनके जीवन के अनुभवों, रिश्तों और भावनात्मक सफर की कहानी है।
इससे पहले 24 अक्टूबर को सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि किताब प्रकाशित होने के बाद इसको लेकर काफी चर्चा और हलचल हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा था कि कई दशकों से दूसरे लोग उनकी कहानी सुनाते और लिखते रहे हैं, लेकिन अब वह खुद अपनी जिंदगी की कहानी बताना चाहती हैं।
गांधी परिवार की जिंदगी से जुड़े कई अहम किस्से
हार्पर कॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी के निजी जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है। किताब में राजीव गांधी से उनकी पहली मुलाकात, गांधी परिवार के साथ बिताए समय और परिवार पर आई मुश्किलों का जिक्र है। इसके अलावा परिवार को झकझोर देने वाली त्रासदियों और उनके व्यक्तिगत अनुभवों को भी जगह दी गई है।
2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का भी जिक्र
सोनिया गांधी की इस किताब में साल 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया गया है। उस समय लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को जीत मिली थी। चुनाव के बाद सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री बनने की चर्चा तेज थी, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया। इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया। किताब में इस फैसले से जुड़े अनुभवों और उस दौर की परिस्थितियों पर भी प्रकाश डाला गया है।
दशकों बाद खुद बताई अपनी कहानी
सोनिया गांधी ने किताब के जरिए अपनी जिंदगी के उन अनुभवों को सामने रखने की कोशिश की है, जिनके बारे में अब तक अलग-अलग तरह से बातें होती रही हैं। उनके मुताबिक, यह किताब केवल सार्वजनिक जीवन या राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्यार, परिवार, रिश्तों और जीवन के उतार-चढ़ाव की कहानी भी शामिल है। ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के जरिए सोनिया गांधी ने पाठकों को अपने जीवन के उस निजी पक्ष से रूबरू कराने की कोशिश की है, जो आमतौर पर राजनीतिक चर्चाओं से दूर रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।