सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: पैकेटबंद फूड में हाई फैट, शुगर और सॉल्ट पर अलग-अलग लाल चेतावनी अनिवार्य

दिल्ली|
पैकेटबंद फूड में हाई फैट, शुगर और सॉल्ट पर अलग-अलग लाल चेतावनी अनिवार्य
सेव सूची

देश में पैकेज्ड फूड और जंक फूड के बढ़ते सेवन से बच्चों और आम नागरिकों की सेहत को होने वाले नुकसान पर सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि तय सीमा से अधिक वसा, चीनी और नमक वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने अब अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाना अनिवार्य होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग का स्पष्ट प्रारूप तय किया है, जिससे खरीदार एक नजर में उत्पाद की गुणवत्ता समझ सकें। पैकेट के सामने वाले हिस्से पर प्रमुखता से लाल रंग का षट्कोण चेतावनी चिन्ह बनाया जाएगा। हर चेतावनी चिन्ह के अंदर संबंधित पोषक तत्व का एक मानक चित्र होगा और बड़े अक्षरों में 'HIGH FAT', 'HIGH SUGAR' या 'HIGH SALT' लिखा होगा। कोर्ट ने साफ किया है कि यदि किसी चिप्स, बिस्किट या कोल्ड ड्रिंक में एक से अधिक तत्व तय सीमा से ज्यादा हैं, तो हर तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल लगाना होगा। एक ही बॉक्स में सभी जानकारियां मिलाकर देना पर्याप्त नहीं माना जाएगा।

दो चरणों में लागू होगा नियम

इस व्यवस्था को लागू करने के लिए दो चरणों की रूपरेखा तय की गई है। पहला, शुरुआत में उन उत्पादों पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या नमक में से कोई भी दो या उससे अधिक तत्व तय मानक से ज्यादा हैं। इसमें अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी। दूसरा, इसके बाद यह नियम उन सभी पैकेटबंद उत्पादों पर लागू कर दिया जाएगा, जिनमें इन तीनों में से कोई एक तत्व भी निर्धारित सीमा से अधिक होगा।

क्यों पड़ी इस फैसले की जरूरत?

अदालत ने कहा कि आमतौर पर पैकेट के पीछे बेहद छोटे अक्षरों में पोषण तालिका छपी होती है, जिसे दुकान पर खड़े होकर पढ़ना और समझना हर ग्राहक के लिए संभव नहीं होता। कोर्ट ने FSSAI को यह भी निर्देश दिया है कि वह मानक तय करते समय 'एडेड शुगर' के बजाय 'टोटल शुगर' और 'सैचुरेटेड फैट' की मात्रा को आधार बनाए। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को जागरूक करना और बच्चों में बढ़ते मोटापे व अन्य बीमारियों पर रोक लगाना है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।