मौसम का ट्रिपल अटैक!: दिल्ली में प्रदूषण, दक्षिण में बारिश और यूपी में घना कोहरा

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह यानि 24 नवंबर को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही, वहीं तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ रहा है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक का पूर्वानुमान है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर ऐप के मुताबिक, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 238 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। राजधानी के 57 निगरानी केंद्रों में 34 पर हवा खराब, 15 पर मध्यम और आठ पर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सिरी फोर्ट में एक्यूआई 330 रहा, जो राजधानी के निगरानी केंद्रों में सबसे अधिक था। दिन में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में कोहरे का असर, पूर्वी हिस्से में चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मंगलवार के बुलेटिन में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए घने कोहरे की चेतावनी है। पश्चिमी यूपी में फिलहाल ऐसी चेतावनी नहीं जारी की गई है। सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की आशंका
दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 से 27 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। केरल और माहे में भी 24 से 27 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायलसीमा और तमिलनाडु-पुडुचेरी क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की संभावना है।
हिमाचल और पूर्वोत्तर में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर 24 और 25 नवंबर को घना कोहरा छाने की आशंका है। असम और मेघालय में भी 24 और 25 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले दो दिनों तक सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
राजस्थान से मध्य भारत तक रात के तापमान में गिरावट
उत्तर-पश्चिम भारत में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। मध्य भारत में 26 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट की संभावना है। पूर्वी भारत में भी 27 नवंबर तक तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है।
हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर की संभावना नहीं जताई है। पश्चिमी और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक कोई बड़ा मौसम परिवर्तन होने का अनुमान नहीं है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।
