WhatsApp Web चलाते हैं तो तुरंत जान लें ये बात: एक गलती से लीक हो सकती है आपकी निजी चैट, गृह मंत्रालय ने जारी की साइबर चेतावनी

अगर आप भी ऑफिस, साइबर कैफे या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाते हैं तो सावधान हो जाइए। आपकी एक छोटी सी लापरवाही निजी चैट और डिजिटल पहचान के लिए खतरा बन सकती है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने व्हाट्सऐप वेब के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक, कंप्यूटर पर खुला और लॉग-इन व्हाट्सऐप अकाउंट गलत हाथों में पड़ने पर उसका दुरुपयोग किया जा सकता है।
साइबर एजेंसी ने साफ कहा है कि सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है। यूजर्स को हर बार काम पूरा होने के बाद अपने व्हाट्सऐप वेब अकाउंट से मैन्युअल तरीके से लॉगआउट करना चाहिए। खासकर उन कंप्यूटरों पर यह सावधानी बेहद जरूरी है, जिनका इस्तेमाल एक से ज्यादा लोग करते हैं।
आपकी चैट पढ़ सकता है दूसरा व्यक्ति, आपके नाम से भेज सकता है मैसेज
I4C की चेतावनी के मुताबिक, यदि किसी दूसरे व्यक्ति को सक्रिय व्हाट्सऐप वेब सेशन तक अनधिकृत पहुंच मिल जाती है तो वह आपके निजी संदेश पढ़ सकता है। इतना ही नहीं, वह आपके नाम से दूसरे लोगों को मैसेज भेज सकता है और आपके कॉन्टैक्ट्स तथा ग्रुप बातचीत तक पहुंच बना सकता है।
इसका इस्तेमाल साइबर अपराधी धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे अपराधों के लिए कर सकते हैं। मसलन, किसी परिचित को आपके अकाउंट से मैसेज भेजकर पैसे मांगे जा सकते हैं या संदिग्ध लिंक भेजकर उसे ठगी का शिकार बनाया जा सकता है।
गृह मंत्रालय ने क्यों जारी की चेतावनी?
I4C की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को व्हाट्सऐप वेब के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें बताया गया कि सक्रिय और प्रमाणित व्हाट्सऐप वेब सेशन का कुछ परिस्थितियों में गलत इस्तेमाल करके अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।
एजेंसी ने ऑफिस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम, सार्वजनिक कंप्यूटर और ऐसे डिवाइस पर विशेष सावधानी बरतने को कहा है, जिनका इस्तेमाल दूसरे लोग भी कर सकते हैं।
ब्राउजर बंद करना नहीं, ऐसे करें लॉगआउट
व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने के बाद अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए इन बातों का ध्यान रखें:
हर बार लॉगआउट करें : काम खत्म होने के बाद व्हाट्सऐप वेब में लॉगआउट विकल्प चुनें। सिर्फ ब्राउजर बंद करके न छोड़ें।
पब्लिक कंप्यूटर से बचें : साइबर कैफे, होटल बिजनेस सेंटर, सार्वजनिक कियोस्क और किसी अनजान व्यक्ति के कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब खोलने से बचें।
इन्कॉग्निटो मोड का इस्तेमाल करें : अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर अस्थायी रूप से व्हाट्सऐप वेब चलाना जरूरी हो तो प्राइवेट या इन्कॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल करें। इसके बाद भी मैन्युअल लॉगआउट जरूर करें।
संवेदनशील जानकारी साझा न करें : सरकारी, वित्तीय, संस्थागत और गोपनीय जानकारियों का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब के जरिए करने से बचें।
सॉफ्टवेयर अपडेट रखें : कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। संदिग्ध फाइल और अनजान डाउनलोड से दूरी बनाएं।
कैसे पता करें कि आपका WhatsApp किसी दूसरे कंप्यूटर पर खुला है?
अगर आपको शक है कि आपका व्हाट्सऐप किसी दूसरे कंप्यूटर या डिवाइस पर खुला हुआ है तो अपने फोन से इसकी जांच कर सकते हैं।
- अपने फोन में WhatsApp खोलें।
- एंड्रॉयड फोन में ऊपर दाईं ओर तीन डॉट पर क्लिक करें। आईफोन में Settings में जाएं।
- Linked Devices यानी लिंक्ड डिवाइसेज विकल्प खोलें।
- यहां उन डिवाइस की जानकारी मिलेगी, जिन पर आपका अकाउंट लिंक है।
- किसी अनजान या ऐसे डिवाइस का नाम दिखाई दे, जिसे आप इस्तेमाल नहीं करते, तो उस पर क्लिक करके Log Out कर दें।
- इस तरह आप अनजान डिवाइस पर चल रहे अपने व्हाट्सऐप सेशन को बंद कर सकते हैं।
- अकाउंट से संदिग्ध गतिविधि दिखे तो क्या करें?
अगर आपके अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने नहीं भेजा, या आपके परिचित आपके नाम से आए संदिग्ध मैसेज के बारे में बता रहे हैं तो इसे गंभीरता से लें। लिंक्ड डिवाइसेज की जांच करें और अनजान सेशन को तुरंत लॉगआउट करें। यदि किसी तरह की साइबर ठगी हो गई है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।