आगरा में अखिलेश का भाजपा पर वार: बोले- अंगद का पैर बताने वालों की जमीन खिसक जाएगी, इस बार लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा

आगरा|
बोले- अंगद का पैर बताने वालों की जमीन खिसक जाएगी, इस बार लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा
सेव सूची

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन के जरिए भाजपा पर बड़ा सियासी हमला बोला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना उनके 'अंगद का पैर' वाले बयान पर पलटवार किया। अखिलेश ने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि अंगद का पैर है, इस सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखोगे? उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पीडीए के लोग तैयार हैं। देश मनविधान से नहीं, संविधान से चलेगा।

अखिलेश ने भाजपा पर बोला हमला

दरअसल, अमित शाह ने 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा की बैठक के दौरान कहा था कि प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। आगरा में अखिलेश ने इसी बयान को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया। सम्मेलन में उन्होंने बाल योगी को समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई।

बाल योगी ने कहा कि आज के बाद सपा के लिए ही जिंदा रहूंगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े लेकर पहुंचे। कई कार्यकर्ता बीन की धुन पर नाचते नजर आए। कन्नौज के 67 वर्षीय लखन सिंह यादव भी आकर्षण का केंद्र रहे। वह तीन दिन में करीब 200 किलोमीटर साइकिल चलाकर आगरा सम्मेलन में पहुंचे।

भाजपा खुद करा रही पेपर लीक, ताकि युवाओं को नौकरी न मिले

अखिलेश यादव ने पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जो पेपर लीक हो रहे हैं, उनके पीछे भाजपा की ही भूमिका है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नौकरी और आरक्षण का लाभ न देना पड़े।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार को वाराणसी में डबल जीरो मिला है। आगरा में सपा समर्थित प्रत्याशी को डराने और उसके साथ मारपीट करने के साथ कपड़े तक फाड़े गए, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव जीत गया। अखिलेश ने कहा कि जेनरेशन जी और जेनरेशन अल्फा ने सरकार को झुकने पर मजबूर किया। सरकार को अपने मंत्री तक को हटाना पड़ा।

26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद करने का लगाया आरोप

सपा प्रमुख ने कहा कि जब भाजपा सरकार उनके मजबूत दलित कार्यकर्ताओं को नहीं डरा पाई तो उन्हें रोकने के लिए दूसरे रास्ते अपनाए जा रहे हैं। सरकार ने 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए हैं। इससे गरीब और पीडीए समाज के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। स्कूल बंद होने से वहां काम करने वाले शिक्षकों की नौकरियां भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी नौकरियां खत्म कर रही है और गरीबों के बच्चों को आगे बढ़ने से रोक रही है।

ओवैसी पर भी साधा निशाना, बोले- सियासी सैलानी आने लगे

अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा हारी है, तब से सियासी सैलानी आने लगे हैं। उनका ओटीपी कहीं और से आ रहा है। केवल ओटीपी ही नहीं, किसी और के माइक के लाउडस्पीकर भी बन रहे हैं। उनकी डोर कहीं और है और चरखी भी कहीं और है। वे उतना ही उड़ेंगे, जितनी उन्हें ढील दी जाएगी। अखिलेश ने कहा कि जो लोग डराते-धमकाते हैं और समय-समय पर लाठी दिखाते हैं, इस बार लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा।

असली योगी वही, जो 100 प्रतिशत लोगों की चिंता करे : अखिलेश

संविधान के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है। ऐसे लोगों को बता देना चाहता हूं कि देश मनविधान से नहीं, संविधान से चलेगा। इस बार पीडीए के लोग संविधान बदलने की कोशिश करने वालों को विदा करेंगे। बाल योगी के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि असली योगी वही है, जो 100 प्रतिशत लोगों के बारे में सोचे। उन्होंने सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार देने की बात कही।

69 हजार शिक्षकों को न्याय दिलाने का भरोसा

अखिलेश ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में इन शिक्षकों को अपने हक के लिए आंदोलन करना पड़ा और अदालतों के चक्कर लगाने पड़े। सुप्रीम कोर्ट तक उनके पक्ष में होने के बावजूद सरकार उन्हें न्याय नहीं दिला पा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानून का राज और सामाजिक न्याय स्थापित कर शिक्षकों को उनका हक और सम्मान दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने 2006 में जिन संविदा सफाई कर्मचारियों को नियुक्ति दी थी, उनका भविष्य भी सुरक्षित किया जाएगा।

जूता कारोबार के मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम का वादा

आगरा के जूता उद्योग का जिक्र करते हुए अखिलेश ने यहां के कारीगरों और मजदूरों को भी साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि आगरा से बड़े पैमाने पर जूतों का निर्यात होता है और इस कारोबार में बड़ी संख्या में मजदूर काम करते हैं। ठेकेदारी व्यवस्था के जरिए मजदूरों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी दिलाई जाएगी। उनसे आठ घंटे से अधिक काम कराने पर ओवरटाइम का भुगतान भी सुनिश्चित कराया जाएगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।