आगरा में ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

रकाबगंज थाना क्षेत्र के बालूगंज इलाके में शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक प्रसिद्ध ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। इस घटना से पूरे बाजार और आसपास के रिहायशी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बालूगंज चौराहे के पास स्थित 'श्री श्याम जी ऑटोमोबाइल्स' (TVS ऑटो पार्ट्स) की दुकान में अचानक धुआं उठने लगा और चंद मिनटों में ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के दोनों फ्लोर पर भारी मात्रा में ऑटो पार्ट्स और स्पेयर पार्ट्स का सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी-अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालना शुरू किया।

दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किए जाने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें अब नुकसान के सटीक आकलन और आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

