आगरा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, सड़क पर पत्थर से सिर कुचलकर घटना को दिया अंजाम

आगरा|
बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, सड़क पर पत्थर से सिर कुचलकर घटना को दिया अंजाम
सेव सूची

आगरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के सुरेश नगर में महज 120 गज जमीन के विवाद को लेकर एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की बीच सड़क पर पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान 49 वर्षीय शाहिद कुरैशी उर्फ 'गुड्डू पहलवान' के रूप में हुई है। इस पूरी खूनी वारदात का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, शाहिद कुरैशी का अपने परिवार में 120 गज के एक प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह शाहिद इसी विवाद की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके बड़े भाई अफसर और भतीजे ने उन्हें घेर लिया। दोनों ने पहले शाहिद के साथ जमकर मारपीट की और जब वह जमीन पर गिर पड़े, तो पास ही पड़े एक भारी पत्थर को उठाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

मौत के बाद भी नहीं रुका हमला, दांत टूटकर सड़क पर बिखरे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना वीभत्स था कि शाहिद के सिर, जबड़े और आंखों में गंभीर चोटें आईं और उनके दांत टूटकर सड़क पर बिखर गए। आरोप है कि जान जाने के बाद भी हमलावर पत्थर से वार करते रहे। सुबह-सुबह बीच सड़क पर हुई इस वारदात को देखकर इलाके में दहशत फैल गई। शोर सुनकर जब तक परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो चुके थे।

पुलिस कार्रवाई और परिजनों का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में शाहिद को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि शाहिद ने हत्या से एक दिन पहले ही पुलिस से मामले की शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल, पुलिस ने वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी बड़े भाई अफसर और उसके बेटे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।