आगरा कॉलेज में मेट्रो निर्माण पर बवाल: 1000 छात्रों ने मेट्रो स्टेशन में घुसकर की नारेबाजी, प्रशासन को 12 घंटे का दिया अल्टीमेटम

आगरा|
1000 छात्रों ने मेट्रो स्टेशन में घुसकर की नारेबाजी, प्रशासन को 12 घंटे का दिया अल्टीमेटम
सेव सूची

आगरा कॉलेज के खेल मैदान में मेट्रो निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को उग्र हो गया। कॉलेज प्रशासन और शिक्षकों के साथ करीब 1,000 छात्र-छात्राएं मेट्रो प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित छात्रों ने राजामंडी मेट्रो स्टेशन में घुसकर जोरदार नारेबाजी की और एमजी रोड पर जाम लगा दिया। करीब ढाई घंटे तक चले इस हंगामे के बाद कॉलेज प्रशासन ने मेट्रो अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

आगरा कॉलेज प्रशासन और छात्रों का आरोप है कि मेट्रो प्रशासन अपनी निर्धारित सीमा से हटकर कॉलेज के खेल मैदान की जमीन पर अवैध रूप से पार्किंग का निर्माण कर रहा है। गुरुवार को मेट्रो कर्मचारियों द्वारा मैदान में पार्किंग बनाने के प्रयास के दौरान कॉलेज की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने की कोशिश की गई और विरोध करने पर एक वरिष्ठ प्रोफेसर के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसी के विरोध में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कॉलेज परिसर से पैदल मार्च निकाला गया।

रेलिंग तोड़कर स्टेशन में घुसे छात्र, एमजी रोड जाम

पैदल मार्च निकालते हुए सैकड़ों छात्र राजामंडी मेट्रो स्टेशन तक पहुंच गए। इस दौरान कई छात्र रेलिंग तोड़कर निर्माण स्थल और स्टेशन परिसर के भीतर घुस गए और नारेबाजी करते हुए सेल्फी लेने लगे। छात्रों के प्रदर्शन के कारण शहर के व्यस्ततम एमजी रोड पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि इस मैदान में खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, जिस पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

12 घंटे का अल्टीमेटम और पुलिस में शिकायत

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेट्रो अधिकारियों और आगरा कॉलेज के प्राचार्य के बीच बातचीत हुई। मेट्रो अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त शिलान्यास पट्टिका को ठीक कराने और मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्राचार्य के समझाने पर छात्र शांत हुए। कॉलेज प्रशासन ने मेट्रो प्रशासन को 12 घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने और समस्या का स्थायी समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही, कॉलेज प्रशासन ने वरिष्ठ शिक्षक से अभद्रता और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में साक्ष्यों के साथ थाने में लिखित शिकायत भी दी है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।