आगरा-दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बस और टैंकर की जोरदार भिड़ंत: बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, चालक समेत सात यात्री गंभीर रूप से घायल
सिकंदरा थाना के अंतर्गत आगरा-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां मथुरा से आ रही ताज डिपो की एक रोडवेज बस और पानी के टैंकर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोडवेज बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस में सवार चालक, परिचालक समेत सात यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हाईवे पर अरतौनी में हेरिटेज होंडा शोरूम के सामने हुई। पानी का टैंकर मेट्रो निर्माण कार्य के लिए पानी लेकर जा रहा था, तभी सामने से आ रही रोडवेज बस उससे टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियों और क्षतिग्रस्त हिस्से से फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला।
टैंकर छोड़कर भागा चालक
हादसे के तुरंत बाद टैंकर का चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सिकंदरा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा हैं।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
इस भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर जाम को खुलवाया और यातायात को दोबारा सामान्य रूप से बहाल कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।










