आगरा में नाले में डूबने से बच्ची की मौत: पैर फिसलने से हुआ हादसा, सहेलियों के साथ गई थी खेत

आगरा|
पैर फिसलने से हुआ हादसा, सहेलियों के साथ गई थी खेत
सेव सूची

निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव बिलईपुरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेतों की ओर शौच के लिए गई पांच साल की एक मासूम बच्ची पैर फिसलने से करीब 15 फीट गहरे और पानी से भरे नाले में जा गिरी। डूबने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, गांव बिलईपुरा निवासी श्रीभगवान की पांच वर्षीय पुत्री परी बुधवार सुबह पड़ोस की तीन अन्य बच्चियों-अंशू (4), काजल (6) और मोहिनी (5) के साथ गांव से करीब 200 मीटर दूर खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान नाले के पास अचानक परी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गई। साथ गई तीनों बच्चियों ने घबराकर किसी तरह गांव पहुंचकर परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, जहां परी नाले के पानी में उतराती हुई मिली। परिजन उसे आनन-फानन में बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, नाला खुलवाने की मांग

बच्ची की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण उसका शव लेकर सीधे नाले के पास पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर निबोहरा थाना पुलिस, नायब तहसीलदार विशेष कुमार और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग नाले को खुलवाने की जिद पर अड़े रहे।

एक दिन पहले भी हुआ था हादसा, ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के पिता श्रीभगवान और ग्रामीणों का आरोप है कि चमरौली गांव के पास कुछ लोगों ने नाले को बंद कर दिया है। निकासी बंद होने की वजह से नाले में अत्यधिक जलभराव हो गया है, जो इस हादसे का मुख्य कारण बना। ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पहले यानी मंगलवार को भी गांव के तीन से चार बच्चे इसी नाले में गिर गए थे, जिन्हें वहां मौजूद किसानों ने समय रहते बचा लिया था। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक बंद नाले को नहीं खुलवाया जाएगा, तब तक वे बच्ची के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।