आगरा में भीषण सड़क हादसा: कोचिंग जा रही 9वीं की छात्रा को डंपर ने रौंदा, स्कूटी समेत अगले पहिए में 30 मिनट फंसी रही मासूम
आगरा में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत मधु नगर में आरएमओ चौराहे के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार छात्रा को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में 9वीं कक्षा की छात्रा की मौके पर ही तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर के सेवला जाट की रहने वाली कक्षा 9 की छात्रा रिया बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर कोचिंग के लिए निकली थी। वह जैसे ही आरएमओ चौराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे नगर निगम के एक तेज रफ्तार और गिट्टी से लदे डंपर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
मौके से फरार हुआ चालक
टक्कर इतनी भयानक थी कि छात्रा स्कूटी समेत डंपर के अगले पहिए के नीचे आ गई और उसमें बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ तुरंत जमा हो गई। बताया जा रहा है कि लगभग 30 मिनट की कड़ी मशक्कत और पुलिस के प्रयासों के बाद छात्रा को डंपर के पहिए के नीचे से बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में उसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों में नगर निगम के वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश हैं।।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

