आगरा में तेज रफ्तार लोडर ने स्कूटी को मारी टक्कर: पांच महीने की गर्भवती महिला की मौत, पति घायल

आगरा|
पांच महीने की गर्भवती महिला की मौत, पति घायल

आगरा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कमला नगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच महीने की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से वापस अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद आरोपी चालक गाड़ी को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा के बल्केश्वर स्थित लाल मस्जिद निवासी राहुल यादव दूध का कारोबार करते हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी पत्नी नीलम के साथ बाजार से खरीदारी करने के बाद स्कूटी से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संत राम कृष्ण इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार मैक्स लोडर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

लोडर के नीचे आने से हुई मौत

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल यादव दूसरी तरफ जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी नीलम उछलकर लोडर के नीचे आ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने शोर मचाते हुए गाड़ी को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक रुका नहीं। हालांकि, करीब 100 मीटर आगे जाकर चालक लोडर को रास्ते में ही छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। नीलम की हालत बेहद नाजुक होने के कारण परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। नीलम पांच महीने की गर्भवती थीं, इस हादसे में गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया

इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नीलम के भाई मुकुल ने बताया कि नीलम की तीन छोटी बेटियां हैं—दीपांशी (6 वर्ष), दीक्षा (4 वर्ष) और रिया (2 वर्ष)। मां की अचानक मौत से तीनों मासूम बच्चियों के सिर से ममता का साया उठ गया है। घायल पति राहुल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

कमला नगर थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और छोड़े गए लोडर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।