आगरा में घर में बने आलू-चावल खाने से पूरा परिवार बीमार: पांच साल के मासूम ने तोड़ा दम, चार का अस्पताल में चल रहा इलाज

आगरा से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। घर में बने आलू-चावल खाने के बाद पूरा परिवार अचेत हो गया, जिसमें पांच साल के एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह दर्दनाक घटना आगरा के किरावली इलाके का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह घर के सभी पांच सदस्य अपने कमरे में बेहोश और अचेत अवस्था में पाए गए। पड़ोसियों और रिश्तेदारों को जैसे ही इसकी भनक लगी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी पीड़ितों को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली ले जाया गया।
परिवार के चार सदस्य जयपुर रेफर
मरीजों की नाजुक स्थिति को देखते हुए सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान पांच वर्षीय मासूम बच्चे, जिसका नाम जीशान उर्फ गोलू था, ने दम तोड़ दिया। वहीं, परिवार के बाकी चार सदस्यों की हालत में कोई सुधार न होते देख और उनकी स्थिति लगातार बिगड़ने के कारण, उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। फिलहाल परिवार के चारों सदस्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
मामले की जांच में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक तौर पर इस घटना की वजह संदिग्ध फूड पॉइजनिंग मानी जा रही है, जो घर में बने आलू-चावल खाने से हुई। भोजन में किसी प्रकार का जहरीला तत्व या कीटनाशक मिलने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और भोजन के सैंपल जुटाए जा रहे हैं, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

