आगरा में पुलिस की रेड के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा युवक: मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया छत से फेंकने का आरोप

आगरा|
मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया छत से फेंकने का आरोप

आगरा में शनिवार सुबह पुलिसिया कार्रवाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके में जुए की सूचना पर छापा मारने गई पुलिस टीम के दौरान एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी।

मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि चीता मोबाइल के दो सिपाही बिना स्थानीय चौकी या थाने को सूचना दिए सीधे मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि पुलिसकर्मी जुआरियों को पकड़ने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। ललित द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसे तीसरी मंजिल की छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस का पक्ष-खुद लगाई छलांग

दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रकाबगंज पुलिस को रावली क्षेत्र में जुआ होने की सटीक सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, तो वहां भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, ललित ने पकड़े जाने के डर से खुद ही तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान चली गई।

शव सड़क पर रखकर हंगामा, भारी पुलिस बल तैनात

युवक की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने ललित के शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं। पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाने-बुझाने और शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।