आगरा में भव्यता के साथ निकलेगी राम बारात: 200 आकर्षक झांकियां भी होंगी शामिल, देखने को मिलेगी सनातन संस्कृति की झलक

उत्तर भारत की ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध राम बारात मंगलवार को ताजनगरी आगरा में पूरी भव्यता के साथ निकाली जाएगी। जनकपुरी महोत्सव के तहत निकलने वाली इस भव्य शोभायात्रा में इस बार आस्था और सनातन परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की इस बारात में देश के कोने-कोने से आई लगभग 200 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी।
इस वर्ष की राम बारात में प्रभु श्री राम का स्वरूप बेहद खास और दिव्य होने वाला है। भगवान श्री राम इस बार सात किलोग्राम वजनी चांदी के मुकुट में सजेंगे। इस भव्य मुकुट को विशेष कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है, जो बारात की भव्यता में चार चांद लगाएगा। बारात में शामिल होने वाली झांकियों में हिंदू पौराणिक कथाओं, रामचरितमानस के प्रसंगों और सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
दुल्हन की तरह सजी जनकपुरी
उत्तर भारत के इस सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक को देखने के लिए आगरा और आसपास के जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है। इतनी बड़ी तादाद में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आगरा प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बारात मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। पूरी जनकपुरी और बारात मार्ग को लाइटों और फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। हर साल की तरह इस बार भी आगरा की यह राम बारात न केवल धार्मिक रूप से बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक सौहार्द के रूप में एक बड़ी मिसाल पेश करने जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

