आगरा में टेंट के गोदाम में लगी आग: लाखों रूपयों का हुआ नुकसान, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
कमला नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बल्केश्वर के कैलाश नगर इलाके में एक टेंट गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग बलदेव धर्मशाला के पीछे स्थित 'श्रीराम टेंट' के गोदाम में लगी। गोदाम में टेंट का भारी मात्रा में कपड़ा, कुर्सियां, सजावटी सामान और बांस-बल्लियां मौजूद होने के कारण लपटों ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि उनका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से ही आसमान में साफ दिखाई दे रहा था। घने धुएं और आग की भयाहवता को देखकर आसपास की कॉलोनियों और गोदाम से सटे मकानों में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। लोग सुरक्षा के लिहाज से तुरंत अपने घरों को छोड़कर सड़कों पर निकल आए। कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी छतों से पानी डालकर आग को रोकने का प्रयास भी किया।
मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस की टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कमला नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा के लिहाज से घेराबंदी करते हुए स्थानीय भीड़ को गोदाम से दूर किया। वहीं, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए सबसे पहले आग को रिहायशी इलाके और अन्य मकानों की तरफ फैलने से रोका और फिर लपटों पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
मवेशियों को पहुंचा नुकसान
प्राथमिक जांच और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। टेंट के कपड़ों में केमिकल होने की वजह से आग बहुत तेजी से भड़की। इस हादसे में किसी इंसानी जान के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपये का टेंट का सामान जलकर खाक हो गया है। इसके साथ ही, भीषण गर्मी और धुएं की चपेट में आने से पास ही में बंधे मवेशियों को नुकसान पहुंचा है, जिसमें एक गोवंश की मृत्यु की भी खबर है और कुछ मवेशी झुलस गए हैं। अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से स्थिति को नियंत्रित करने और नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटा हुआ है।










