आगरा में UGC के खिलाफ उग्र प्रदर्शन: 200 ट्रैक्टरों से यमुना एक्सप्रेस-वे ठप, बुलडोजर पर चढ़े आंदोलनकारी
UGC के विरोध में रविवार को करीब 1500 युवक 200 ट्रैक्टरों के साथ सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने आगरा-नोएडा यमुना एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया। वे कलेक्ट्रेट का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस और PAC ने बुलडोजर, JCB और हाइड्रा लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट जाने की मांग पर अड़े रहे। दोपहर करीब 12 बजे कुछ युवक बुलडोजर पर चढ़कर आगे बढ़ने लगे। उन्हें रोकने के लिए पुलिसकर्मी पीछे दौड़े। करीब 300 मीटर दूर यमुना एक्सप्रेस-वे के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गए और बीच सड़क खड़े होकर वाहनों की आवाजाही रोक दी। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद उन्होंने एक्सप्रेस-वे खाली किया, लेकिन दूसरे रास्तों से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे।
मुड़ी चौराहे से शुरू हुआ जुटान
यूजीसी मुक्ति मोर्चा ने रविवार को कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी दी थी। शनिवार देर शाम से ही प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर मुड़ी चौराहे पर जुटने लगे थे। खंदौली थाने की पुलिस और PAC ने चौराहे को घेरकर रास्ते बंद कर दिए। इसके बाद प्रदर्शनकारी खेतों और दूसरे रास्तों से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे। पुलिस उन्हें रोकने के लिए पीछा करती रही। कुछ स्थानों पर पुलिस ने लाठी लेकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा।










