आगरा में पानी के टैंकर ने दंपती को कुचला: पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी की मौत, नगर निगम का वाहन छोड़ चालक फरार

शाहगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अर्जुन नगर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां नगर निगम के पानी के टैंकर ने बाइक सवार एक पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे पूर्व फौजी सुखविंदर सिंह अपनी पत्नी रेखा कुमारी के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे शाहगंज के अर्जुन नगर इलाके में पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे नगर निगम के तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और दोनों को रौंद दिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद टैंकर चालक रियाजुद्दीन वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टैंकर को जब्त कर लिया है। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।