ताजमहल में बंदरों के झुंड पर अखिलेश यादव का हमला: कहा-गलत हाथों में जिम्मेदारी देने पर यही होता है, पर्यटन प्रभावित हुआ तो अर्थव्यवस्था के लक्ष्यों पर पड़ेगा असर

विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल परिसर में बंदरों के बड़े झुंड के घूमने का वीडियो वायरल होने के बाद सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने चिंता जताई है कि यदि ताजमहल का पर्यटन प्रभावित हुआ, तो इसका सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लक्ष्यों पर पड़ेगा।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ताजमहल परिसर में मौजूद बंदरों का वीडियो साझा करते हुए सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा, "भाजपा राज में दुनिया के सात अजूबे की दुर्गति देखकर लग रहा है कि यदि ताजमहल का पर्यटन प्रभावित हुआ तो एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी का सपना कहीं एक बिलियन तक न गिर जाए। किसी गलत के हाथ में उस्तरा देने से यही होता है।"
वायरल हुए थे दो वीडियो
गुरुवार को ताजमहल परिसर के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इन वीडियो में दर्जनों बंदर ताजमहल के मुख्य उद्यान और चमेली फर्श के आसपास बेखौफ घूमते हुए नजर आ रहे हैं। ताजमहल के पूर्वी, पश्चिमी और रॉयल गेट के आसपास बंदरों के बढ़ते आतंक से देशी और विदेशी पर्यटकों में डर का माहौल है। बंदर अक्सर सैलानियों के हाथों से पानी की बोतलें, खाने-पीने का सामान और बैग छीनने की कोशिश करते हैं, जिससे कई बार पर्यटक चोटिल भी हो चुके हैं।
प्रशासन और सुरक्षा पर उठे सवाल
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और स्थानीय नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटन से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि बंदरों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने के कारण ताजमहल की छवि और सैलानियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल एएसआई की ओर से वायरल वीडियो की जांच की बात कही जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।