चुनाव आते ही आ गए सियासत के सैलानी: अखिलेश यादव का ओवैसी और चंद्रशेखर पर हमला, कहा- डोर कहीं और से हिल रही

आगरा|
अखिलेश यादव का ओवैसी और चंद्रशेखर पर हमला, कहा- डोर कहीं और से हिल रही
सेव सूची

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दो विपक्षी नेताओं पर हमला बोला। अखिलेश ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोला। आगरा में आयोजित 'पीडीए-दलित सम्मेलन' को संबोधित करते हुए यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सक्रिय हुए 'सियासत के सैलानियों' की कमान असल में भारतीय जनता पार्टी के हाथ में है। हाल ही में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। यादव का यह हमला उसी राजनीतिक गतिविधि के बीच सामने आया है।

आगरा से दिया सियासी संदेश

अखिलेश यादव ने कहा कि "जब से भाजपा हाल के चुनावों में हारी है। तब से कई सियासत के सैलानी भी आने लगे हैं। यह आगरा है, जहां बड़े पैमाने पर सैलानी आते हैं। जैसे ही चुनाव करीब आया, सियासत के सैलानी आ गए।"

ओटीपी और माइक वाला बयान

उन्होंने कहा कि इन लोगों का 'ओटीपी' कहीं और से आ रहा है। और वे किसी और के 'माइक के लाउडस्पीकर' बन गए हैं। एआईएमआईएम के चुनाव चिह्न 'पतंग' की ओर इशारा करते हुए यादव ने कहा, इन सियासत के सैलानियों की डोर कहीं और है और चरखी भी कहीं और है। ये उतना ही उड़ेंगे, जितनी इन्हें ढील दी जाएगी।

पीडीए की परिभाषा पर विवाद

सपा प्रमुख ने कहा कि पहले भाजपा के नेता उनकी पार्टी के 'पीडीए' फॉर्मूले की परिभाषा बताते थे। अब नए-नए आए लोग भी इसे समझाने लगे हैं। जबकि वह खुद इसे समझ नहीं पाए हैं। सपा में पीडीए का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक से है। यादव ने विपक्षी दलों के एक नारे का जिक्र करते हुए कहा कि लोग कह रहे हैं। "पलट दिए अखिलेश, लेकिन इस बार पलट देंगे अखिलेश। आगरा वाले भी पलट देंगे, क्योंकि 'ए' से आगरा भी है।" उन्होंने आरोप लगाया कि इन नई पार्टियों और नेताओं की असली कमान कहीं और से संचालित हो रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।