आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन रोकने पर हंगामा: आरपीएफ ने डीएसएम को प्लेटफॉर्म पर घसीटा, जवानों ने मारपीट भी की

आगरा|51 मिनट पहले
आरपीएफ ने डीएसएम को प्लेटफॉर्म पर घसीटा, जवानों ने मारपीट भी की

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह हीराकुंड एक्सप्रेस को रोकने को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और डिप्टी स्टेशन मास्टर (डीएसएम) के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कथित मारपीट तक पहुंच गया। डीएसएम को प्लेटफॉर्म पर घसीटने का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद करीब आधे घंटे तक स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक पर हुई। हीराकुंड एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना होने लगी थी। इसी दौरान बी-3 कोच में चेन पुलिंग की सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने भुवनेश्वर निवासी आशीष कुमार और उनकी पत्नी रंजीता को चेन पुलिंग के आरोप में पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाना शुरू किया। इसी दौरान डिप्टी स्टेशन मास्टर नरेंद्र चाहर ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ गया।

मारपीट और घसीटने का वीडियो आया सामने

जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान आरपीएफ जवानों ने डीएसएम के साथ मारपीट की। आरोप है कि उनका कॉलर पकड़कर उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए आरपीएफ थाने की ओर ले जाया गया। घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौके पर एकत्र हो गए। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य कराई गई।

ट्रेन रोकने की वजह पर अलग-अलग दावे

स्टेशन प्रबंधक प्रवेंद्र प्रकाश ने बताया कि मामला चेन पुलिंग का नहीं था। उनके अनुसार महिला यात्री स्टेशन पर सामान लेने के लिए नीचे उतरी थी। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी और वह दौड़कर उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगी। यात्री की सुरक्षा को देखते हुए डीएसएम ने वॉकी-टॉकी के जरिए गार्ड से संपर्क कर ट्रेन रुकवाने का अनुरोध किया था।

घटनाक्रम की जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

वहीं, आरपीएफ का कहना है कि ट्रेन में चेन पुलिंग हुई थी और जवान संबंधित यात्रियों को पूछताछ के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान डीएसएम वहां पहुंचे और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए वसूली जैसे आरोप लगाने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया। फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।