अलीगढ़ में तैनात जिला जज के ऊपर हमला: बुजुर्ग पिता और गनर के साथ मारपीट, कार में तोड़फोड़ और आग लगाने की कोशिश

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर अलीगढ़ में तैनात अपर जिला जज (ADJ) अली मुस्तफा और उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया गया है। बाइक की मामूली टक्कर के बाद उपजे विवाद में खुद को बीएसएफ का जवान बताने वाले एक युवक ने 30-40 लोगों की भीड़ जुटाकर जज, उनके बुजुर्ग पिता और गनर के साथ जमकर मारपीट की। हमलावरों ने जज की कार में तोड़फोड़ की और उसे आग लगाने की भी कोशिश की। यह पूरी घटना आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे की है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ में तैनात अपर जिला जज अली मुस्तफा लखनऊ से अपने परिवार के साथ कार द्वारा अलीगढ़ लौट रहे थे। जब उनकी कार आगरा के खंदौली क्षेत्र में पहुंची, तब एक बाइक से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा। युवक ने खुद को बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स का जवान बताया और उसका नाम भूपेंद्र सिंह बताया जा रहा हैं। विवाद बढ़ने पर आरोपी भूपेंद्र ने फोन करके मौके पर करीब 30 से 40 स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा कर ली।
पिता और गनर को पीटा, कार फूंकने का प्रयास
भीड़ के आते ही हमलावरों ने कानून को ताक पर रखकर जज के परिवार पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने जज के पिता और उनके सुरक्षा गनर को बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में जज के बुजुर्ग पिता की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी भूपेंद्र ने हेलमेट या किसी भारी वस्तु से मारकर जज की गाड़ी का पिछला शीशा पूरी तरह तोड़ दिया। उग्र भीड़ ने जज के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और उनकी कार में आग लगाने की भी कोशिश की। जज ने किसी तरह सूझबूझ दिखाकर गाड़ी को वहां से निकाला और अपनी जान बचाई।
पुलिस हेल्पलाइन से नहीं मिली समय पर मदद
अपर जिला जज अली मुस्तफा ने घटना के दौरान तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन आरोप है कि मौके पर कोई पुलिस सहायता नहीं पहुंची। इसके बाद जज ने सीधे थाना प्रभारी (SHO) को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
आगरा डीसीपी आदित्य सिंह के मुताबिक, न्यायिक अधिकारी की तहरीर के आधार पर खंदौली थाने में मुख्य आरोपी भूपेंद्र सिंह और 30-40 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमले में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

