आगरा में प्रेमी के साथ गई बेटी: परिवार ने छपवाया शोक संदेश कार्ड, जिंदा बेटी का कराया शांति पाठ

बाह क्षेत्र के सिकंदरपुर कस्बे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेमी के साथ रहने के फैसले से नाराज परिजनों ने अपनी जिंदा बेटी का ही शांति पाठ करा दिया। इसके लिए शोक संदेश कार्ड छपवाए गए और लोगों को आमंत्रित किया गया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में बेटी की तस्वीर रखकर उस पर माला चढ़ाई गई। इस अनोखे आयोजन की तस्वीर और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, कस्बे की एक युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों ने इस मामले में प्रेमी और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत पर पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया और न्यायालय में पेश किया। कोर्ट में युवती ने अपने परिवार के साथ जाने से इनकार करते हुए प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। युवती के बालिग होने के कारण न्यायालय ने उसके बयान को मान्य करते हुए उसे प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।
परिवार ने बेटी से खत्म किया रिश्ता
कोर्ट के इस फैसले से युवती के परिजन इतने नाराज हो गए कि उन्होंने बेटी से रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया। उन्होंने जीते जी उसका शांति पाठ कराने का फैसला किया। इसके लिए शोक कार्ड छपवाए गए जो पुलिस को भी भेजे गए। बुधवार को आयोजित शांति पाठ में परिचित और रिश्तेदार भी शामिल हुए। लोगों के सामने बेटी की फोटो रखी गई और उस पर फूल-माला चढ़ाई गई।
पुलिस को भी भेजा शांति पाठ का कार्ड
परिजनों ने कहा कि उनके लिए बेटी मर चुकी है। पुलिस को शांति पाठ का कार्ड मिलने के बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। एक तरफ युवती के बालिग होने और अपनी मर्जी से फैसला लेने की चर्चा हो रही है वहीं दूसरी तरफ परिजनों के इस तरह नाराजगी जताने के तरीके पर भी लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

