आगरा में हाइवे किनारे ढाबे में लगी आग: लपटों के बीच फटा गैस सिलेंडर, इलाके में मचा हड़कंप

सिकंदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित 'हेलो ढाबे' में भीषण आग लग गई। आग की लपटों के बीच ढाबे के अंदर रखे गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे हाईवे और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद तक भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं, जिससे आग ने और अधिक विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक ढाबे से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए ढाबे के अंदर रखे कुछ सिलेंडरों को तुरंत बाहर निकाल लिया, लेकिन कई सिलेंडर अंदर ही छूट गए। इसी बीच अंदर बचा एक सिलेंडर भीषण गर्मी के कारण तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि लोग दहशत में आकर दूर भागने लगे। आग इतनी तेजी से फैली कि इसने पास के खाली प्लॉट में बनी कुछ झुग्गी-झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
हाईवे पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने धमाके के खतरे को देखते हुए आम लोगों को ढाबे के नजदीक जाने से रोका। सुरक्षा कारणों से हाईवे की एक लेन पर ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल विभाग पर देरी का आरोप
स्थानीय निवासियों और हाईवे से गुजर रहे लोगों में दमकल विभाग के रवैए को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि दमकल केंद्र को तुरंत सूचित किया गया था, लेकिन काफी देर तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटना स्थल पर नहीं पहुंच सकीं। गाड़ियों के समय पर न पहुंचने के कारण ढाबा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। बाद में पहुंची दमकल की टीमों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
कोई जनहानि की सूचना नहीं
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ जब ढाबा बंद होने की कगार पर था और अंदर कोई ग्राहक या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीमें आग पूरी तरह बुझने के बाद जांच में जुट गई हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

